नहाय-खाय के साथ छठ का चार दिवसीय महानुष्ठान शुरू
शेखपुरा। नहाय- खाय के साथ छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया। कार्तिक छठ के इस धार्मिक अनुष्ठान क
शेखपुरा। नहाय- खाय के साथ छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया। कार्तिक छठ के इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती निकटवर्ती नदी व तालाब में स्नान के लिए उमड़ पड़े। फिर पूरी पवित्रता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी तैयार की गई। कई घरों में कद्दू के विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी तैयार किये गए। इस तैयार प्रसाद को पहले छठ व्रती ने खुद ग्रहण किया। बाद में सभी हित मित्रों और परिचितों को खिलाया। इसके साथ ही लोग अब छठ की अन्य तैयारियों में जुट गए हैं। आज लोहंडा का आयोजन होगा। इस अवसर पर व्रती दिन भर उपवास रखेंगे। शाम में अरवा चावल का प्रसाद तैयार किया जाएगा। इस प्रसाद को दूध और गुड़ के साथ सेवन कर उपवास तोड़ा जाएगा। लोहंडा का अनुष्ठान कर व्रती 36 घंटे के निर्जला अखंड उपवास में चले जाएंगे। व्रत के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पारण कर इस व्रत का समापन होगा। इसके बाद लोग छठ के प्रसाद खाने और खिलाने में जुट जायेंगे। छठ को लेकर लोग अपने घर और आसपास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इस त्योहार की सबसे बड़ी खूबी साफ-सफाई ही है। युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी छठ के अवसर पर घर की सफाई के साथ साथ छठ घाट और घाट तक जाने वाले मार्ग की सफाई में जुटे है। रंग-रोगन कर चकाचक किए जा रहे छठ घाट :
शेखपुरा : नगर परिषद पहली बार सभी प्रमुख छठ घाटों की खूबसूरती बढ़ाने का काम कर रहा है। छठ घाटों की साफ-सफाई व रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था के साथ रंगाई-पुताई भी कराई जा रही है। इस संदर्भ में मुख्य पार्षद कुमकुम भारती ने बताया कि सभी छठ घाटों पर व्रतियों व आम श्रद्धालुओं के लिए पेयजल के साथ चलंत शौचालय की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि छठ के बाद भी घाटों पर गंदगी नहीं दिखे। इधर, प्रशासनिक टीम लगातार सभी छठ घाटों का जायजा ले रही है। रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार और मुख्य पार्षद पति सह समाजसेवी शंभू यादव ने छठ घाटों का जायजा लिया। मुख्य पार्षद कुमकुम भारती से कहा कि हर हाल में 12 नवम्बर तक सभी छठ घाटों को नया लुक दे दिया जाएगा।