जिले के सभी छह प्रखंड सुखाड़ क्षेत्र घोषित
शेखपुरा। सरकार ने जिले के सभी 6 प्रखंडों को सुखाड़ क्षेत्र घोषित कर दिया है। समूचे जिले को सुखाड़ क्षे
शेखपुरा। सरकार ने जिले के सभी 6 प्रखंडों को सुखाड़ क्षेत्र घोषित कर दिया है। समूचे जिले को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने के साथ ही सरकार ने पानी के अभाव में ़खराब हो रही धान की फसलों को बचाने और परती पड़े खेतों में धान की वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी शुरू कर दी है। यहां बताना जरुरी है कि चार दिन पहले ही राज्य सरकार ने कृषि विभाग के उपनिदेशक (रसायन) को शेखपुरा भेजकर जिला में सुखाड़ की स्थिति का आकलन कराया था। सरकार के निर्देश पर उपनिदेशक ने दो दिन शेखपुरा में रहकर जिले के सभी प्रखंडों की जमीनी हकीकत देखी थी। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी लालबचन राम ने बताया कि जिले में सुखाड़ की स्थिति पर जिला पदाधिकारी ने भी अपने स्तर से सरकार को रिपोर्ट भेजी थी। इधर, राज्य सरकार ने अपने जारी परिपत्र में शेखपुरा जिले के सभी 6 प्रखंडों को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करके किसानों से सहकारिता ऋण, मालगुजारी, कृषि कार्य के लिए इस्तेमाल की जा रही बिजली के शुल्क की वसूली पर रोक लगा दी है। कृषि विभाग को डीजल अनुदान देने में तेजी लाने और खाली पड़े खेतों में वैकल्पिक खेती करने का निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने फसल सहायता योजना का लाभ लेने वाले किसानों को 31 अक्टूबर तक अपना निबंधन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कृषि तथा सहकारिता विभाग को प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है।