होली को लेकर शहर में बढ़ी चहल-पहल
होली पर्व को लेकर चारों ओर एक अजीब सा उत्सवी माहौल दिख रहा है। वहीं शहर में खरीदारी को लेकर चहल- पहल बढ़ गई है।
शिवहर। होली पर्व को लेकर चारों ओर एक अजीब सा उत्सवी माहौल दिख रहा है। वहीं शहर में खरीदारी को लेकर चहल- पहल बढ़ गई है। कपड़े की दुकानों पर महिलाओं की जमात को पसंद के कपड़े छांटते देखा गया। वहीं रंग अबीर एवं किराना दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी गई। वहीं दुकान के आगे टंगी रंग- बिरंगी पिचकारियां बच्चों को लुभा रही है। पिचकारियों की विभिन्न वेरायटी में परंपरागत पिचकारी के अलावा बंदूक, पिस्टल एवं आधुनिक हथियारों की शक्ल में प्लास्टिक निर्मित पिचकारियां शामिल हैं। जो बीस से लेकर डेढ़ सौ रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है। - परंपरागत वाद्य डंफ की मांग है बरकरार भले ही तरह- तरह के आधुनिक म्युजिक इंस्ट्रूमेंट्स चलन में आ गए हैं। डीजे के प्रति लोगों की दिवानगी हद से ज्यादा है। बावजूद इसके डंफ की थाप पर होली गाने का अपना अलग आनंद है। यही वजह है कि सिर्फ देकुली धाम में एक दर्जन डंफ की दुकानें खुल गई हैं। जहां सौ रुपये से लेकर डेढ़ हजार रुपए तक के डंफ मौजूद हैं। यहां डंफ की बिक्री ज्यादा होने का कारण बाबा भुवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर का होना भी है।