मुंबई में शिवहर के मजदूर की हत्या: गांव में शव पहुंचते ही लोगों का भड़का आक्रोश, सड़क जाम
मुंबई में शिवहर के एक मजदूर धीरज कुमार ठाकुर की हत्या के बाद शव गांव पहुंचने पर लोगों का आक्रोश ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, शिवहर। महाराष्ट्र के मुंबई शहर अंतर्गत धारावी माहिम फाटक इलाके में शिवहर के मजदूर की हत्या से नाराज लोगों ने गुरुवार को शिवहर-तरियानी-मीनापुर स्टेट हाइवे को वैद्यनाथपुर के पास जामकर हंगामा किया।
नाराज लोगों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर जहां शव के साथ प्रदर्शन किया वहीं टायर जलाकर आगजनी की। इस वारदात के बाद किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि द्वारा मृतक के स्वजनों का कोई हालचाल तक नहीं लिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। मृतक के स्वजनों ने गांव के ही मुकेश कुमार नामक युवक पर मुंबई के युवकों से धीरज की हत्या कराने का आरोप लगाते हुई उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

(सड़क जामकर प्रदर्शन करते लोग।)
बताया कि मुकेश ने मुंबई के बदमाशों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। लोगों का सड़क जाम और प्रदर्शन जारी है। इसके चलते स्टेट हाइवे पर वाहनों का परिचालन बाधित है। एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर तरियानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम समाप्त कराने में लगी हुई है।
चाकू गोदकर हुई हत्या
बताते चलें कि 30 मार्च की सुबह महाराष्ट्र के मुंबई शहर अंतर्गत धारावी माहिम फाटक इलाके में पैसों के विवाद में चाकू गोदकर तरियानी थाना क्षेत्र के वैद्यनाथपुर गांव निवासी अवधेश ठाकुर के 25 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार ठाकुर की हत्या कर दी गई थी। बचाने के क्रम में उसके भाई सूरज कुमार ठाकुर व नीरज कुमार ठाकुर जख्मी हो गए थे।

(सड़क जाम कराने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस टीम)
घटना के संबंध में भाई नीरज कुमार ठाकुर के आवेदन पर मुंबई के शाहुनगर ठाणे पुलिस स्टेशन में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें माहिम फाटक रोड गौसिया गली बनवारी कंपाउंड, धारावी शाहूनगर निवासी ओसामा मकसूद अली शेख, आवेश कलीम शाह, अज्जू यासीन शेख व मो. अरमान सुभान चौधरी को आरोपित किया।
दर्ज प्राथमिकी में आरोपितों पर पैसे मांगने पर मारपीट करने, सीना और पेट सहित कई स्थानों पर चाकू गोदकर धीरज की बेरहमी से हत्या का आरोप लगाया। बीच बचाव करने पर नीरज व सूरज की को भी चाकू मारकर जख्मी कर देने का आरोप लगाया गया।
मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पोस्टमार्टम बाद मंगलवार को धीरज का शव सौंप दिया था। इसके बाद एंबुलेंस से शव लेकर गुरुवार की अलसुबह लोग वैद्यनाथपुर पहुंचे। शव लाए जाने के बाद स्वजनों का आक्रोश भड़क गया। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
