विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : घर से निकले दो दोस्त फिर नहीं लौटे, बागमती की पुरानी धार में डूबकर मौत

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:48 PM (IST)

शिवहर में बागमती नदी की पुरानी धार में डूबने से दो नाबालिग दोस्तों, सावन कुमार और रवि, की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पहाड़पुर गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिवहर के अस्पताल में लोगों की भीड़। जागरण।

शिवहर के अस्पताल में लोगों की भीड़। जागरण।

जागरण संवाददाता, शिवहर। साथ पढ़ने वाले दो दोस्त रविवार की सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम से पहले ही उनकी जिंदगी खत्म हो गई। बागमती नदी की पुरानी धार में डूबने से दोनों नाबालिगों की मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पहाड़पुर गांव में मातम पसरा है और दोनों बच्चों के असामयिक निधन से लोग स्तब्ध हैं।

पुल के समीप पुरानी धार में डूबे दोनों

जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड अंतर्गत श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित बागमती नदी की पुरानी धार में हादसा हुआ। मृतकों में जहांगीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी विशंभर राय के पुत्र सावन कुमार और उसका मित्र रवि शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे रविवार की सुबह घर से निकले थे। इसी दौरान पुल के समीप नदी की पुरानी धार में अचानक गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए।

हमेशा साथ रहते थे दोनों दोस्त

सावन कुमार के पिता विशंभर राय ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। सिर्फ सूचना मिली कि उनका बेटा पानी में डूब गया है। सावन और उसका मित्र रवि हमेशा साथ रहते थे और साथ में पढ़ाई भी करते थे। दोनों की दोस्ती ऐसी थी कि अक्सर साथ ही नजर आते थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि दोनों के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।

अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने का आरोप

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, परिजनों ने अस्पताल में चिकित्सक के समय पर उपलब्ध नहीं रहने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अस्पताल पहुंचने के करीब आधे घंटे तक डॉक्टर का कोई पता नहीं था। इसको लेकर परिजनों में नाराजगी देखी गई। बाद में परिजन ई-रिक्शा से दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गए।

चीख-पुकार से गमगीन हुआ गांव

दोनों बच्चों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। दो मासूम जिंदगियों के इस तरह असमय समाप्त हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

श्यामपुर भटहां थाना अध्यक्ष राधेश्याम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची थी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।