कौन थी वह अभागिन मां जो बच्ची को जन्म देते ही हो गई गायब? शिवहर की मानवता को शर्मसार करने वाली घटना
Mother Left Baby Hospital sheohar: शिवहर के मातृ-शिशु अस्पताल में एक मां ने नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद ...और पढ़ें

शिवहर के मातृ-शिशु अस्पताल में एक मां बच्ची को जन्म देने के बाद उसे छोड़कर गायब हो गई।
HighLights
शिवहर अस्पताल में मां ने नवजात बच्ची को लावारिस छोड़ा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बच्ची के संरक्षण की पहल की।
स्वस्थ बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र को सौंपा जाएगा।
संवाद सहयोगी, शिवहर। sheohar Newborn Abandoned News: कौन थी वह अभागिन मां, जो नौ महीने तक जिस कलेजे के टुकड़े को अपने गर्भ में पाला, उसे इस दुनिया में आंखें खोलते ही लावारिस छोड़ गई? शिवहर के शिवहर के मातृ शिशु अस्पताल से इंसानियत को सवालों के घेरे में लाने वाली घटना सामने आई है।
क्या मजबूरी रही होगी उस मां की या फिर एक और बेटी के जन्म लेने का वह सामाजिक भय था, जिसके हाथों बेबस होकर उसने अपनी ही ममता का गला घोंट दिया?
जन्म के बाद जिस मासूम को मां की छाती से लगकर उसकी पहली गर्माहट और आंचल का दूध मिलना चाहिए था, उसे अस्पताल के ठंडे कमरों में अकेला छोड़ वह जमाने की नजरों से छुपकर भाग निकली।
नौ महीने तक जिस कोख में पल-पल उस नन्हीं जान की धड़कनों को उसने महसूस किया होगा, प्रसव की उन तमाम पीड़ा को जिस एक स्पर्श ने भुला दिया होगा, उसी मासूम को अंसार छोड़ने वाली इस मार्मिक घटना ने शिवहर में हर सुनने वाले की आंखें नम कर दी हैं।
इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, वह उस मां की ममता पर सवाल उठाते हुए उसे कोसता नजर आया।
मातृ-शिशु अस्पताल की घटना
यह हृदय विदारक मामला शिवहर के मातृ-शिशु अस्पताल (पुराने सदर अस्पताल) का है। यहां एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी।
चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया, लेकिन विडंबना देखिए कि जिस बच्ची के आगमन पर खुशियां मनाई जानी चाहिए थीं, कुछ ही देर बाद वह मां अस्पताल के बिस्तरों के बीच अपनी नवजात को लावारिस छोड़कर चुपचाप गायब हो गई।
जब अस्पताल के कर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने फूल जैसी बच्ची के लिए मां की तलाश शुरू की, लेकिन उसका दूर-दूर तक कोई सुराग नहीं मिला।
विधिक प्राधिकार की पहल
घटना की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक डॉ. शोभना कुमारी ने तुरंत इसकी सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकार को दी। मामले की नजाकत को समझते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण देने की दिशा में सराहनीय पहल की।
उनके निर्देश पर यूडीसी रूपेश कुमार, पीएलवी बिपिन कुमार, मुकेश कुमार और अंकित कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे। इसके बाद जिला दत्तक ग्रहण की प्रबंधक स्नेहा कुमारी की मौजूदगी में नवजात को एहतियात के तौर पर सरोजा सीताराम सदर अस्पताल लाया गया।
पूर्ण रूप से स्वस्थ है नवजात
सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने नवजात बच्ची के स्वास्थ्य की गहन जांच की। राहत की बात यह है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है, हालांकि एहतियात के तौर पर उसे अभी चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है।
इस पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी शिवहर नगर थाना पुलिस को भी दे दी गई है। प्रशासनिक और विधिक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद अब इस लावारिस बच्ची को विधिवत रूप से 'विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र, शिवहर' को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उसका भविष्य सुरक्षित हो सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।