शिवहर में जमीन विवाद में 3 साल की बच्ची की ईंट से कूचकर हत्या, पड़ोसी महिला पर आरोप
Sheohar Child Death: शिवहर के तरियानी में दो डिसमिल जमीन विवाद में तीन वर्षीय बच्ची छोटी कुमारी की ईंट से ...और पढ़ें

छोटी कुमारी की फाइल फोटो। सौ: स्वजन और विलाप करती मां रिंकी कुमारी, साथ में स्वजन। फोटो: जागरण
HighLights
शिवहर में जमीन विवाद में तीन वर्षीय बच्ची की मौत।
पड़ोसी महिला रेणु देवी पर ईंट से हमला कर हत्या का आरोप।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Land Dispute: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड सात में दो डिसमिल जमीन के विवाद में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।
मृतका की पहचान दीनबंधु कुमार की पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की मां रिंकी कुमारी ने पड़ोस की रेणु देवी समेत सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया है।
प्राथमिकी के बाद हमला
रिंकी कुमारी के अनुसार, दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के साथ दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता रहा है।
दो दिन पूर्व हुए विवाद के बाद रिंकी कुमारी ने रविवार को तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने से नाराज रेणु देवी ने रिंकी कुमारी की तीन वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी पर हमला कर दिया। इस दौरान ईंट से हमला कर बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
स्वजन उसे सरोजा सीताराम सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री कृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान मौत
स्वजन बच्ची को लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद रिंकी कुमारी और दीनबंधु कुमार बच्ची का शव लेकर गांव पहुंचे।
बच्ची की मौत की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थिति को देखते हुए आरोपितों के फरार होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तरियानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर एफएसएल और डीआइयू की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच की। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी और मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद ने छीनी तीन जिंदगियां, मां और दो बच्चों की एक साथ उठीं अर्थियां
