विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, शव जलाते समय मायके वालों को आते देख भागे ससुराली

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:00 PM (IST)

शिवहर के जगदीशपुर कोठिया गांव में दहेज के लिए 22 वर्षीय विवाहिता नीलकमल कुमारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को बिना बताए शव जलाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के पहुंचने पर वे फरार हो गए और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिवहर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़। फोटो सौ. जागरण

शिवहर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़। फोटो सौ. जागरण

HighLights

  1. शिवहर में 22 वर्षीय विवाहिता की दहेज के लिए हत्या।

  2. ससुराल वालों ने मायके को बिना बताए शव जलाने का प्रयास।

  3. परिजनों के पहुंचने पर आरोपी फरार, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Dowry Death Case: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कोठिया गांव में दहेज के लिए 22 वर्षीय विवाहिता नीलकमल कुमारी उर्फ लिली की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि पति समेत ससुराल वालों ने हत्या के बाद मायके वालों को सूचना दिए बिना शव को जलाने की तैयारी शुरू कर दी। शव को जल्द जलाने के लिए लकड़ी के साथ डीजल और चीनी भी श्मशान घाट ले जाई गई थी।

हालांकि, शव का अंतिम संस्कार किए जाने से पहले ही मृतका के चाचा अजय कुमार और मामा अरविंद कुमार वहां पहुंच गए।

मायके वालों को देख भागे ससुराली

मृतका के मायके वालों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों के पहुंचते ही पति समेत ससुराल पक्ष के लोग शव छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2024 में हुई थी शादी

मृतका के चाचा माधोपुर छाता निवासी अजय कुमार ने बताया कि नीलकमल कुमारी उर्फ लिली की शादी वर्ष 2024 में जगदीशपुर कोठिया गांव निवासी छोटन कुमार के साथ हुई थी।

दंपती का आठ महीने का एक बच्चा भी है। घटना के बाद से बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है कि वह कहां है। वहीं, मृतका के मामा अरविंद कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से हत्या की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। वहां शव को जलाने की तैयारी की जा रही थी।

इंस्पेक्टर राजदेव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।