विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर में बाइक और पिकअप वैन की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर, बाइक के उड़े परखच्चे; एक की मौत, दूसरा रेफर

Published: Wed, 04 Nov 2026 11:14 AM (IST)

बिहार के शिवहर जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप वैन और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो ...और पढ़ें

हादसे में युवक की मौत के बाद लोगों की भीड़, शव के पास विलाप करता पिता। जागरण।

हादसे में युवक की मौत के बाद लोगों की भीड़, शव के पास विलाप करता पिता। जागरण।

जागरण संवाददाता, शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक और पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक उछलकर करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर

तरियानी थाना क्षेत्र के सरवरपुर गांव में तेज रफ्तार बाइक और पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान सरवरपुर निवासी राजेश कुमार सिंह के पुत्र राज कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान पोझियां गांव निवासी रविरंजन सिंह के पुत्र युवराज कुमार (18) के रूप में की गई है।

30 फीट दूर जा गिरे दोनों युवक

बताया गया कि राज कुमार और युवराज कुमार दोनों दोस्त थे। दोनों बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान सरवरपुर गांव में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक उछलकर करीब 30 फीट दूर जा गिरे।

मौके से पिकअप लेकर फरार हुआ चालक

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तरियानी पीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवराज की हालत देखते हुए उसे एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तरियानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर ली है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश

इस हादसे के बाद दोनों युवकों के स्वजनों में कोहराम मचा है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सरवरपुर गांव में जिस जगह यह दुर्घटना हुई, वहां हाल के दिनों में कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।