विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झाड़-फूंक के बहाने अभद्र व्यवहार बना बुजुर्ग की हत्या का कारण, शिवहर में चार गिरफ्तार

Published: Tue, 25 Aug 2026 08:27 PM (IST)

शिवहर में झाड़-फूंक की आड़ में महिला से अभद्र व्यवहार के आरोप में अच्छे लाल राय की हत्या कर दी गई।

पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा। (जागरण)

पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा। (जागरण)

HighLights

  1. झाड़-फूंक की आड़ में अभद्र व्यवहार का आरोप।

  2. महिला के परिजनों ने बुजुर्ग अच्छे लाल राय की हत्या की।

  3. शिवहर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

संवाद सहयोगी, शिवहर। झाड़-फूंक की आड़ में एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार बुजुर्ग अच्छे लाल राय की हत्या का कारण बना।

महिला के पति सहित सहयोगियों ने घर से बुलाकर लोहे के रॉड से प्रहार कर, चाकू मारकर व गला दबाकर अच्छे लाल राय की हत्या कर दी।

वहीं, शव को श्रीपुर पुल के पास फेंक दिया। एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में नगर थाने की पुलिस ने जहां वारदात के चंद घंटे बाद ही अच्छे लाल राय हत्याकांड का उद्भेदन कर दिया है।

वहीं, इस वारदात में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में नगर थाना क्षेत्र के श्रीपुर वार्ड सात निवासी सुबोध साह, भिखारी साह, रौशन कुमार एवं प्रीतम कुमार शामिल है।

जबकि मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने नगर थाने में पति की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें गिरफ्तार किए गए लोगों के अलावा संतोष साह, राकेश साह, संजय साह, बिगन साह, शिवनारायण साह, राकेश साह व मुन्ना साह को आरोपित किया है।

मंगलवार की शाम समाहरणालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शैलेंद्र सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि सोमवार को श्रीपुर वार्ड सात निवासी 60 वर्षीय अच्छेलाल राय की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की थी। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए उनके द्वारा एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया।

जांच के लिए एफएसएल और डीआइयू को भी भेजा गया। मामले के अनुसंधान के दौरान पता चला कि अच्छेलाल राय झाड़-फूंक का काम करता था। गांव की एक महिला बीमार हो गई थी।

नाराज परिजनों ने की हत्या

स्वजनों द्वारा महिला को अच्छेलाल राय के यहां ले जाया गया था। जिससे महिला और अधिक बीमार पड़ गई। महिला द्वारा पति को बताया गया कि अच्छे लाल राय द्वारा झाड़-फूंक की आड़ में उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

इससे नाराज पति समेत स्वजनों ने मिलकर सोमवार को अच्छे लाल राय की हत्या कर उसका शव श्रीपुर पुल के पास फेंक दिया गया।

एसपी श्री सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अनुशील कुमार व थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में गुटखा लाने से मना करने पर किशोर की गला रेतकर हत्या, परिजनों ने शव रख सड़क किया जाम