बेगूसराय में गुटखा लाने से मना करने पर किशोर की गला रेतकर हत्या, परिजनों ने शव रख सड़क किया जाम
बरौनी में गुटखा लाने से मना करने पर एक मनचले युवक ने 14 वर्षीय बालक की चाकू मारकर हत्या कर दी।
-1787582813073_m.webp)
शव रख लोगों ने किया सड़क जाम। (जागरण)
HighLights
गुटखा लाने से मना करने पर बालक की हत्या।
मनचले युवक ने 14 वर्षीय फैजान को चाकू मारा।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
संवाद सूत्र, बरौनी (बेगूसराय)। सोमवार को फुलवड़िया थाना क्षेत्र के आलूचट्टी-विश्वकर्मा टोला रोड में एक मनचले युवक ने एक बालक को गले में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल बालक खून से लथपथ किसी तरह अपने घर के पास पहुंचा और गिर गया। स्वजन आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय लाइफलाइन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बरौनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृत बालक की पहचान शोकहरा- एक रौशन टोला (बरौनी नगर परिषद वार्ड संख्या-16) निवासी मो. अफजल के लगभग 14 वर्षीय पुत्र मो. फैजान के रूप में हुई है।
वहीं, आरोपित की पहचान उसी मोहल्ले के स्व. ठकरू के पुत्र लगभग 20 वर्षीय मो. आशिक के रूप में हुई है। घटना के बाद से आरोपित वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए शव को बीच सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया। फुलवड़िया थाना अध्यक्ष विवेक कुमार सहनी के नेतृत्व में पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
लड़के से मंगाया था गुटखा
समाचार प्रेषण तक घटना के कारणों के बारे में विशेष जानकारी नहीं मिल पाई थी। वैसे कुछ लोगों का कहना है कि बालक से गुटखा लाने के लिए बोला गया था। उसने लाने से इनकार कर दिया।
इसी बात पर दोनों के बीच नोक-झोंक हुई फिर गले में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष एवं तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने घटनास्थल पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- एलन मस्क का करीबी बताकर ठगे 80 लाख, पटना में डॉक्टर की बेटी से 2 साल तक होती रही धोखाधड़ी
