तालाब ही नहीं, अब खेतों में भी उगेगा मखाना! शिवहर के किसानों को सिखाए गए वैज्ञानिक खेती के गुर
शिवहर में किसानों को मखाने की वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे उन्नत तकनीकों का उपयोग कर अपनी आय बढ़ा सकें।

अब खेतों में उगेगा मखाना (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
किसानों को मखाने की वैज्ञानिक खेती के उन्नत गुर सिखाए गए।
तालाबों के साथ खेतों में भी मखाना उगाना अब संभव।
उन्नत तकनीकों से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, शिवहर। अब शिवहर में भी मखाने की खेती की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही वैज्ञानिक तरीके से मखाने की खेती कर आय बढ़ाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इस क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र शिवहर में किसानों को मखाना की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीकों एवं आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र की प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डा. अनुराधा रंजन कुमारी तथा जिला कृषि पदाधिकारी प्रीति कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
किसानों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय वैज्ञानिक डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी ने कहा कि मखाना बिहार की एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक फसल है, जिसमें किसानों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने किसानों से मखाना की वैज्ञानिक खेती अपनाने, उन्नत किस्मों के उपयोग तथा कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उत्पादन तकनीकों को अपनाने की अपील की।
सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया
उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र का प्रयास है कि किसानों तक नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाकर उन्हें अधिक लाभकारी खेती के लिए प्रेरित किया जाए।
जबकि, जिला कृषि पदाधिकारी प्रीति कुमारी नेमखाना की खेती को कृषि विविधीकरण एवं किसानों की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण विकल्प बताया। उन्होंने किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं, विभागीय मार्गदर्शन तथा उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, गुणवत्तायुक्त बीज का उपयोग करने तथा फसल प्रबंधन पर ध्यान देने से मखाना उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है।
मखाना की खेती लाभकारी
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र दरभंगा के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए मखाना की खेती के लिए उपयुक्त जलवायु, खेत एवं तालाब के चयन, बीज की गुणवत्ता, बुवाई, जल प्रबंधन, पौधों की देखभाल तथा उत्पादन बढ़ाने की वैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत तकनीकों को अपनाकर मखाना की खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त, कृषि विज्ञान केंद्र, सुखेत के डा. जगपाल ने आनलाइन माध्यम से मखाना की खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की। उन्होंने मखाना उत्पादन में उचित फसल प्रबंधन, गुणवत्तायुक्त बीज तथा वैज्ञानिक विधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मखाना एक महत्वपूर्ण जलीय फसल है, जिसकी खेती बिहार के मिथिलांचल एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूप से की जाती है। इसकी खेती तालाबों के साथ-साथ उपयुक्त जल प्रबंधन वाले खेतों में भी की जा सकती है।
अच्छी उपज के लिए गुणवत्तायुक्त बीज, उचित बुवाई समय, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा फसल की नियमित निगरानी आवश्यक है। मखाना के बीजों से प्राप्त लावा का उपयोग खाद्य पदार्थ के रूप में किया जाता है, जिससे किसानों के लिए बेहतर आय की संभावनाएं बनती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।