समस्याओं को लेकर डिग्री कॉलेज के छात्रों ने किया हंगामा, प्राचार्य को बनाया बंधक
शुक्रवार को मुख्यालय स्थित अंगीभूत डिग्री कॉलेज शिवहर में नामांकित छात्रों ने खूब बवाल काटा।
शिवहर, जेएनएन। शुक्रवार को मुख्यालय स्थित अंगीभूत डिग्री कॉलेज शिवहर में नामांकित छात्रों ने खूब बवाल काटा। महाविद्यालय में प्राध्यापक नहीं होने, वर्ग संचालन बंद रहने, नामांकन में अतिरिक्त राशि लिए जाने एवं आवश्यक जानकारी नहीं दिए जाने का आरोप लगा घंटों विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच कॉलेज पहुंचे प्रभारी प्राचार्य नंदकिशोर सिंह एवं नामांकन प्रभारी तौकीर अहमद को ग्रिल के अंदर बंद कर ताला जड़ दिया। मौके पर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। छात्र-छात्राओं का कहना था कि यह कैसा कॉलेज है जहां एक भी प्रोफेसर नहीं और न ही कोई अन्य कर्मी है। हमेशा कॉलेज बंद होने से नामांकन, परीक्षा की तिथि या अन्य कोई जानकारी भी नहीं मिलती है। यहां नाम लिखाकर खुद को फंसा हुआ बता रहे छात्रों ने बड़ी देर तक हंगामा किया। वहीं नामांकन के दौरान आवेदकों से अतिरिक्त राशि वसूली जाती है। पूछा उन लाखों रुपयों का हिसाब हमें चाहिए। सबसे ज्यादा नाराजगी एवं विरोध कॉलेज में पढ़ाई नहीं होने एवं आज से नामांकन की पूर्व सूचना प्रकाशित नहीं होने को लेकर भी थी। इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को मिली। मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसआइ अखिलेश कुमार ने आक्रोशितों को समझा बुझाकर मामला शांत किया वहीं ताला खुलवाया। नसीहत दी कि हर समस्या का समाधान है। समस्याओं को रखने का उचित फोरम है वहां अपनी बात रखनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों में कॉलेज छात्रों में अफसर आलम, अभिषेक यादव, आदित्य आजाद, जूली कुमारी, चांदनी, संतोषी, प्रियेता कुमारी, नीतेश गिरि सहित दर्जनों अन्य शामिल थे।
वर्जन मैं शिवहर एवं चंदौली दो कॉलेजों के प्रभार में हूं। व्यस्तता होने से लंबे अंतराल पर आया हूं। स्थिति को समझने एवं समस्याओं के निदान में समय लगेगा। विभाग को इस विषयक पत्राचार कर मार्गदर्शन लिया जाएगा। - नंदकिशोर सिंह, प्रभारी प्राचार्य,
अंगीभूत डिग्री महाविद्यालय, शिवहर