मांग के लिए रसोइया संघ ने डीईओ कार्यालय को घेरा
अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ सदस्यों ने डीईओ कार्यालय के समक्ष घेरा डाल दिया।
शिवहर। अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ सदस्यों ने डीईओ कार्यालय के समक्ष घेरा डाल दिया। वहीं मुख्य द्वार पर जाकर बैठी रसोइयों ने अपनी मांग एवं नारे बुलंद किए। नतीजतन किसान भवन कार्यालय में संचालित आधा दर्जन विभागों के कार्यालयों पर प्रभाव पड़ा। मध्यान्ह भोजन रसोइया संघर्ष समिति जिला संयोजक वशिष्ठ राऊत के नेतृत्व में पहुंची रसोइयों ने घंटों हंगामा किया। प्रर्दशनकारियों ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जांच नहीं किए जाने से विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन संचालित नहीं हो पा रहा है। नतीजतन बच्चों को भोजन नहीं मिल पा रहा है। वहीं रसोइयों को उचित मानदेय सहित अन्य 13 मांगों पर सरकार एवं विभाग मौन है। प्रर्दशनकारियों ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। वहीं बदलाव यात्रा रैली में शिवहर पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के समीप भी जाकर प्रर्दशन किया। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।