मतदान करने के लिए निकाली गई जागरूकता रैली
तरियानी प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
शिवहर। तरियानी प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें बीआरसी कार्यालय के कर्मचारी, पदाधिकारी एवं प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधान शिक्षक सहित अन्य शामिल हुए। उक्त रैली विशुनपुर मध्य विद्यालय से चलकर शिवहर- मुजफ्फरपुर पथ से होकर प्रखंड मुख्यालय तक गयी। इस बीच आवाम को आगामी 12 मई 19 को सबसे पहले मतदान करने के बाद ही कोई काम करने का सलाह दी गई। बताया गया कि यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व है। अधिक से अधिक मतदान करके ही देश में मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की जा सकती है। मतदाताओं से अपील की गई कि निर्भीक होकर बूथ पर जाएं एवं निष्पक्ष रुप से अपने चहेते उम्मीदवार को वोट करें। जागरूकता रैली में बीआरपी नरेश कुमार चौधरी, अरविद कुमार सिंह, बीरबल पंडित, मध्य विद्यालय मुशहरी के एचएम अरूण कुमार सिंह, मो. अंजार, शाहिद रजा, श्रीराम प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अन्य शामिल हुए।