यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhapra: मारुति मानस मंदिर में भोजपुरी गीत पर दो लड़कियों के डांस पर मचा बवाल, बजरंग दल ने की कार्रवाई की मांग
छपरा के प्रसिद्ध मारुति मानस मंदिर में भोजपुरी गीत पर दो लड़कियों के डांस वीडियो को लेकर बवाल मच गया ...और पढ़ें

छपरा, जागरण संवाददाता। छपरा शहर के प्रसिद्ध मारुति मानस मंदिर में भोजपुरी गाने पर डांस करती दो लड़कियों का रील वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इंटरनेट मीडिया पर यह रील तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके लेकर बजरंग दल ने दोनों लड़कियों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दो लड़कियां मानस मंदिर के सीढ़ी के पास वीडियो बना कर रही है। उन्होंने मंदिर परिसर में भी डांस करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया है। बैकग्राउंड म्यूजिक में भोजपुरी गाना बज रहा है। यह वीडियो इंटरनेट पर सोमवार की रात से वायरल हुआ है। हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसपर आपत्ति जताई है। मंदिर में भोजपुरी गाने पर लड़कियों ने रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर डाल दिया था। वीडियो सामने आने के बाद मारुती मानस मंदिर के प्रबंधक चंदन श्रीवास्तव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि कुछ लड़कियों का भोजपुरी गाना पर मंदिर परिसर में रील बनाने का मामला सामने आया है, जो गलत है। मंदिर प्रबंधन ऐसे लड़के-लड़कियों पर करवाई करने पर विचार कर रही है।
दो अलग-अलग अकाउंट से अपलोड किए थे वीडियो
वहीं, बजरंग दल के जिला मंत्री धनंजय कुमार ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए पुलिस कप्तान संतोष कुमार से इस मामले में लड़कियों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। मारुति मानस मंदिर में शूट किए गए दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग अकाउंट से अपलोड किया गया था, लेकिन वायरल होने के बाद इसे डिलीट कर दिया गया। वीडियो में दो लड़कियां भोजपुरी गाने पर रील बनाई है। रिल्स के बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना 'रउ ले राजा हम खटिया बिछवनी देखी लगा के मच्छरदानी...' बज रहा है।
सोशल मीडिया पर लाखों फोलोअर्स
यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोग आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। बताया जाता है कि इन लड़कियों द्वारा मारुति मानव मारुति मानस मंदिर में कई भोजपुरी गानों पर पहले भी रील बनाया गया है। इन दोनों लड़कियों के इंस्टाग्राम पर लाखों की संख्या में फोलोअर्स हैं।
