भूमि विवाद में वृद्ध की मौत मामले में दो गिरफ्तार
सारण। थाना क्षेत्र के मुजौना गांव में भूमि विवाद को लेकर वृद्ध की मौत की गुत्थी सुलझने के बजाय उ
सारण। थाना क्षेत्र के मुजौना गांव में भूमि विवाद को लेकर वृद्ध की मौत की गुत्थी सुलझने के बजाय उलझी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण पता चलेगा। हालांकि ग्रामीणों के बीच प्राकृतिक मौत और हत्या की बात पर तरह-तरह की चर्चा चल रही है।
बताते चलें कि शनिवार को मुजौना गांव में जगनारायण सिंह (75) की हत्या का आरोप उनके ही भाई रिटायर्ड दारोगा हरीश सिंह व उनके पुत्र पवन सिंह पर है। पौत्र ने उक्त दोनों लोगों पर दादा की मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पौत्र सतीश कुमार सिंह का कहना है कि मेरे बाबा को हरीश सिंह व पवन सिंह ने हाथापाई व मारपीट कर हत्या कर दी। इधर, स्थानीय लोगों में चर्चा है कि शौच के दौरान गिरने से प्राकृतिक मौत हुई है। पुलिस घटना की गुत्थी सुलझाने में लगी है मगर हकीकत क्या है वह शव के पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जगनारायण सिंह के दो पुत्र अखिलेश सिंह व भुनेश्वर सिंह पुलिस विभाग में हैं। घटना का कारण पूर्व से जमीनी विवाद बताया जा रहा है।