कंफर्म टिकट की टेंशन खत्म: छपरा के रास्ते अमृतसर-बरौनी और झांसी-आसनसोल स्पेशल ट्रेनें शुरू
Indian Rail: रेलवे ने गर्मी में यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनें शुरू की हैं। ये ट्रेनें अमृतसर-बरौनी और झांसी-आसनसोल के बीच छपरा होकर चलेंगी।

छपरा के रास्ते चलेगी दो समर स्पेशल।
HighLights
अमृतसर-बरौनी साप्ताहिक विशेष ट्रेन 19 अप्रैल से शुरू।
झांसी-आसनसोल द्वि-साप्ताहिक ट्रेन 8 अप्रैल से चलेगी।
छपरा होकर गुजरेंगी, यात्रियों को कंफर्म सीट मिलेगी।
जागरण संवाददाता, छपरा। Summer Special Trains:ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
ये दोनों ट्रेनें छपरा होकर गुजरेंगी, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पहली ट्रेन 04610/04609 अमृतसर–बरौनी साप्ताहिक विशेष है, जो 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक प्रत्येक रविवार को अमृतसर से चलेगी।
बिहार, यूपी और पंजाब के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
यह ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना (ढंडारी कलां), अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर होते हुए दूसरे दिन शाम 19:22 बजे सीवान और 20:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
इसके बाद सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी के रास्ते तीसरे दिन 02:10 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में 04609 बरौनी–अमृतसर विशेष 21 अप्रैल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 05:05 बजे बरौनी से खुलकर 10:40 बजे छपरा पहुंचेगी और गोरखपुर, बरेली, सहारनपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 13:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
हाजीपुर, बरौनी, झाझा के रास्ते आसनसोल
दूसरी ओर, 04185/04186 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–आसनसोल विशेष ट्रेन 08 अप्रैल से 28 जून तक सप्ताह में दो दिन बुधवार एवं रविवार को झांसी से चलाई जाएगी।
यह ट्रेन उरई, फतेहपुर, प्रयागराज, बनारस, गाजीपुर सिटी और बलिया होते हुए अगले दिन सुबह 04:50 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके बाद हाजीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा और जसीडीह होते हुए 14:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
वापसी में 04186 आसनसोल–झांसी विशेष 09 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन रात 22:50 बजे बरौनी से होकर 02:40 बजे छपरा पहुंचेगी और प्रयागराज, फतेहपुर होते हुए शाम 19:10 बजे झांसी पहुंचेगी।
इन विशेष ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के पर्याप्त कोच लगाए गए हैं, जिससे गर्मी के मौसम में यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में सहूलियत होगी।