विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेले के रेल ग्राम में दिखी भारतीय रेलवे की 175 साल पुरानी विरासत, पेड़ पर लटका भाप इंजन बना आकर्षण

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:13 PM (IST)

सोनपुर मेले में 'रेल ग्राम' भारतीय रेलवे की 175 साल पुरानी विरासत और तकनीकी विकास को प्रदर्शित कर रहा है। पेड़ पर लटका भाप इंजन इसका मुख्य आकर्षण है, जो नई पीढ़ी को रेलवे के इतिहास से रूबरू करा रहा है।

पेड़ पर लटका भाप इंजन बना मेले का खास आकर्षण

पेड़ पर लटका भाप इंजन बना मेले का खास आकर्षण

HighLights

  1. पेड़ पर लटका भाप इंजन मेले का खास आकर्षण।

  2. भारतीय रेलवे के 175 साल के इतिहास की झलक।

  3. घोड़ों से ट्रेन तक, रेलवे का विकास प्रदर्शित।

राहुल, नयागांव (सारण)। सोनपुर मेले में इस बार रेल ग्राम दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां भारतीय रेलवे के गौरवशाली इतिहास और तकनीकी विकास की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। रेलवे की ओर से लगाई गई विरासत प्रदर्शनी में पेड़ पर लटकाया गया पुराने जमाने का भाप इंजन लोगों का ध्यान खींच रहा है।

एलईडी रोशनी से सजी इस प्रस्तुति को देखने के लिए मेले में आने वाले लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय रेलवे के शुरुआती दौर से लेकर आधुनिक रेल व्यवस्था तक की जानकारी दी जा रही है।

पेड़ पर लटका भाप इंजन बना मेले का खास आकर्षण

रेल ग्राम में प्रदर्शित पुराने भाप इंजन का मॉडल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। एलईडी लाइटिंग से सुसज्जित इस मॉडल को अनूठे अंदाज में पेड़ पर लटकाया गया है।

यह प्रस्तुति पुराने दौर की रेल तकनीक की याद दिला रही है। बुजुर्गों को इससे अपने पुराने रेल सफर की यादें ताजा करने का मौका मिल रहा है, जबकि बच्चे रेलवे के इतिहास को करीब से समझ रहे हैं।

घोड़ों, बैलों और हाथियों से रेलगाड़ी चलाने की भी कहानी

प्रदर्शनी में रेलवे के शुरुआती दौर से जुड़े कई दुर्लभ प्रसंगों को मॉडल के जरिए दिखाया गया है। इसमें घोड़ों से बग्घियां खींचने, बैलों के सहारे रेलगाड़ी चलाने और हाथियों की मदद से मालगाड़ी के डिब्बों को धकेलने के दृश्य शामिल हैं। इन मॉडलों के जरिए बताया गया है कि शुरुआती समय में रेल परिवहन को विकसित करना कितना चुनौतीपूर्ण था।

भाप इंजन से डीजल और इलेक्ट्रिक ट्रेन तक का सफर

प्रदर्शनी में भाप इंजन की कार्यप्रणाली को भी समझाया गया है। पुराने समय में कोयले की मदद से पानी गर्म कर भाप तैयार की जाती थी। इसी भाप की ताकत से रेलगाड़ियां चलाई जाती थीं।

शुरुआती छोटी रेल लाइनों पर सात से दस डिब्बों वाली ट्रेनें चलती थीं। समय के साथ डीजल और विद्युत इंजनों ने भाप इंजनों की जगह ले ली और रेलवे का स्वरूप पूरी तरह बदल गया।

1853 में मुंबई से ठाणे के बीच चली थी पहली यात्री ट्रेन

रेल ग्राम में भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक पड़ावों को भी चित्रों और मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में 22 दिसंबर 1851 को पहली बार रेल चलने और 16 अप्रैल 1853 को मुंबई से ठाणे के बीच पहली यात्री ट्रेन के परिचालन का उल्लेख है। करीब 35 किलोमीटर की इस यात्रा में भाप इंजन के साथ 14 डिब्बे लगाए गए थे।

रेलवे के कानून और एसी कोच की शुरुआत की भी जानकारी

प्रदर्शनी में भारतीय रेलवे अधिनियम 1890, वर्ष 1936 में वातानुकूलित यात्री डिब्बों की शुरुआत और 1950 में रेलवे के राष्ट्रीयकरण से जुड़ी जानकारियां भी दी गई हैं। इन ऐतिहासिक तथ्यों के जरिए दर्शकों को समझाया जा रहा है कि किस तरह भारतीय रेलवे ने समय के साथ तकनीकी और प्रशासनिक बदलावों को अपनाया।

सिग्नल से सुरक्षा तक, रेलवे की कार्यप्रणाली से हो रहे रूबरू

रेल ग्राम में केवल रेलवे का इतिहास ही नहीं, बल्कि वर्तमान व्यवस्था की जानकारी भी दी जा रही है। यहां सिग्नल, सुरक्षा, चिकित्सा, वाणिज्य और यांत्रिक इंजीनियरिंग विभागों की जिम्मेदारियों को प्रदर्शित किया गया है।

इसके अलावा जीआरपी और आरपीएफ की भूमिका, बिना टिकट यात्रा और रेलवे नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई के बारे में भी बताया जा रहा है।

नई पीढ़ी को रेलवे की विरासत से जोड़ रहा रेल ग्राम

सोनपुर रेल मंडल के कर्मचारियों की ओर से तैयार यह प्रदर्शनी भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक यात्रा को एक ही स्थान पर समझने का अवसर दे रही है। सोनपुर मंडल कार्यालय, हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और पटना जंक्शन परिसर में रखे पुराने भाप इंजन भी इसी विरासत के प्रतीक हैं। मेले का रेल ग्राम इतिहास, तकनीक और आधुनिक रेलवे के विकास को जोड़ते हुए दर्शकों के लिए ज्ञानवर्धक आकर्षण बन गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।