आसमान छूते झूले और लजीज व्यंजनों के स्टॉल, सोनपुर मेले में सजने लगी मनोरंजन की रंगीन दुनिया
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं, जहाँ नखास एरिया सहित विभिन्न बाजारों में बच्चों और बड़ों के लिए आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं।

सोनपुर मेला में लग रहे झूले। जागरण
HighLights
मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए आकर्षक झूले।
नखास एरिया, चिड़िया बाजार में मनोरंजन के साधन लगाए जा रहे हैं।
शाम को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे बाजार, खानपान के स्टॉल भी।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं। मेले में आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए नखास एरिया, चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार में आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं।
कहीं झूलों को स्थापित करने का काम चल रहा है तो कहीं मनोरंजन स्थलों को सजाने-संवारने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में इन बाजारों की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
इस बार मेले में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक के मनोरंजन का इंतजाम किया जा रहा है। छोटे बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं, जबकि युवाओं और बड़ों के लिए रोमांच से भरपूर बड़े झूले तैयार किए जा रहे हैं।
ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन और नाव झूला सहित कई तरह के मनोरंजन के साधन लोगों को आकर्षित करेंगे। आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले बड़े झूले मेले में आने वाले लोगों को रोमांच का अनुभव कराएंगे।
शाम होते ही रोशनी से जगमगाएंगे बाजार
सोनपुर मेले में झूलों का आकर्षण हमेशा से खास रहा है। शाम ढलते ही नखास एरिया, चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठते हैं।
झूलों की आवाज, बच्चों की खिलखिलाहट और लोगों की चहल-पहल से पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में डूब जाता है। परिवार के साथ मेला घूमने आने वाले लोगों के लिए ये मनोरंजन स्थल खास आकर्षण होते हैं।
खानपान और खरीदारी के बाजार भी सजने लगे
मनोरंजन के साधनों के साथ मेले में खानपान और खरीदारी के बाजार भी धीरे-धीरे आकार लेने लगे हैं। दुकानदारों और झूला संचालकों की गतिविधियां बढ़ने से मेला क्षेत्र में चहल-पहल शुरू हो गई है।
झूला संचालकों को उम्मीद है कि मेले के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। इससे मनोरंजन के बाजारों में अच्छी भीड़ जुटने की संभावना है।
धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, व्यापार और मनोरंजन का संगम सोनपुर मेले को हर वर्ष खास पहचान देता है। इस बार भी आकर्षक झूले और सजे हुए बाजार मेले की रौनक बढ़ाने के लिए तैयार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार के सोनपुर मेला में सजी कश्मीरी हस्तकला, पश्मीना शॉल-कंबल और कानी साड़ी की भारी डिमांड