न प्रसाद जैसा कोई पकवान, न मेले की आम खरीदारी; कार्तिक पूर्णिमा पर सत्तू-मूली की पोटली का है खास महत्व
कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट पर गौतम स्थान से लौटते श्रद्धालु सत्तू-मूली की पोटली लिए दिखते हैं, जो केवल भोजन नहीं बल्कि लोकजीवन की एक पुरानी परंपरा है। यह परंपरा रामकथा, ऋषियों के आतिथ्य और ग्रामीण जीवन से जुड़ी है।

टेकनिवास में सजी सत्तू मूली की दुकानें। जागरण
HighLights
सत्तू-मूली कार्तिक पूर्णिमा पर एक पुरानी लोक परंपरा है।
यह रामकथा और ऋषियों के आतिथ्य से जुड़ी है।
बिहार के छपरा में आज भी श्रद्धा से निभाई जाती है।
नागेंद्र सिंह, छपरा। कार्तिक पूर्णिमा की चांदनी में सरयू के पावन तट पर उमड़ती आस्था के बीच जब श्रद्धालु गौतम स्थान की तपोभूमि से लौटते हैं, तो उनके हाथों में सत्तू-मूली की पोटली बरबस ध्यान खींचती है।
यह महज रास्ते का भोजन नहीं, बल्कि लोकजीवन में पीढ़ियों से संजोई ऐसी परंपरा है, जिसमें रामकथा, ऋषियों का आतिथ्य और प्रकृति के साथ ग्रामीण जीवन का सहज रिश्ता दिखाई देता है।
रिविलगंज से कोपा, जलालपुर, पयहारी धाम सम्होता, कुमना, मैनपुरा, नैका बाजार और टेकनिवास के तिलंगी ब्रह्मस्थान तक कार्तिक पूर्णिमा पर जगह-जगह सत्तू-मूली की दुकानें सज जाती हैं।
श्रद्धालुओं के हाथों में दिखती है लोकपरंपरा की पोटली
मिट्टी के बर्तनों में घुलता सत्तू, ताजी सफेद मूली और तैयार पोटलियां मेले के धार्मिक उल्लास में लोकस्वाद की अलग छटा बिखेरती हैं।
सत्तू विक्रेता विनय कुमार साह और धर्मनाथ साह बताते हैं कि कार्तिक पूर्णिमा पर सत्तू-मूली की मांग बढ़ जाती है। श्रद्धालु रास्ते में इसका स्वाद लेते हैं।
कई लोग घर-परिवार के लिए भी खरीदकर ले जाते हैं। उनके अनुसार यह स्वाद बुजुर्गों से मिली ऐसी परंपरा है, जिसे आज भी लोग उसी श्रद्धा से निभा रहे हैं।
रामकथा से जुड़ी लोकमान्यता
लोकमान्यता के अनुसार महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा के बाद श्रीराम और लक्ष्मण उनके साथ जनकपुर की ओर निकले थे।
यात्रा के दौरान ऋषि आश्रमों में उनका आतिथ्य हुआ। बक्सर के बड़का नुआंव स्थित महर्षि उद्दालक आश्रम से जुड़ी मान्यता में सत्तू-मूली से श्रीराम-लक्ष्मण के सत्कार का उल्लेख मिलता है।
पंचकोसी परिक्रमा के चौथे पड़ाव पर आज भी श्रद्धालु इसे प्रसाद रूप में ग्रहण करते हैं। सत्तू का संस्कृत नाम ‘सक्तु’ है। भुने अनाज से तैयार यह सहज आहार और ताजी मूली की जोड़ी ग्रामीण जीवन की उस परंपरा की याद दिलाती है, जहां भोजन स्थानीय उपज, मौसम और शरीर की जरूरत से जुड़ा था।
कार्तिक पूर्णिमा पर हाथों में दिखाई देती यह छोटी-सी पोटली आज भी रामकथा, ऋषि-आतिथ्य और भारतीय लोकसंस्कृति की जीवंत स्मृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रही है।