विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ढाई साल बाद सारण लौटा परिवार, Love Marriage की रंजिश में भाई की हत्या; पिता को भी मारी गोली

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:19 PM (IST)

सारण के नैनी गांव में ढाई साल पुरानी प्रेम विवाह की रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। हमलावरों ने आलोक कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनके पिता जितेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

छोटे बेटे की प्रेम शादी बनी पुरानी रंजिश की वजह

छोटे बेटे की प्रेम शादी बनी पुरानी रंजिश की वजह

HighLights

  1. प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश में हमला हुआ।

  2. आलोक कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

  3. पिता जितेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हुए।

जागरण संवाददाता, छपरा (सारण)। सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। करीब ढाई साल बाद गांव लौटे एक परिवार पर गुरुवार को हमला कर दिया गया।

चार हथियारबंद हमलावर घर में घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस घटना में 30 वर्षीय आलोक कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके पिता जितेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया।

घर की सफाई के दौरान घुसे हथियारबंद हमलावर

स्वजनों के अनुसार, पूरा परिवार बुधवार को आगरा से नैनी गांव पहुंचा था। घर में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चार हथियारबंद लोग घर में घुस आए।

हमलावरों ने आलोक कुमार सिंह को निशाना बनाकर गोली मार दी। बेटे को बचाने के लिए आगे आए पिता जितेंद्र कुमार सिंह को भी गोली लग गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरातफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचते ही आलोक को मृत घोषित किया

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से घायल पिता-पुत्र को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आलोक कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। पिता जितेंद्र कुमार सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

छोटे बेटे की प्रेम शादी बनी पुरानी रंजिश की वजह

घायल जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनके छोटे बेटे अभिषेक कुमार का गांव की ही एक लड़की से करीब ढाई वर्ष पहले प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। बाद में दोनों नोएडा में रहने लगे।

बताया जाता है कि लड़की अभिषेक के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने शादी कर ली थी। इसी प्रेम विवाह को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के बाद परिवार गांव छोड़कर चला गया था।

शादी समारोह में शामिल होने आया था परिवार

जितेंद्र कुमार गुजरात में काम करते हैं, जबकि बड़ा बेटा आलोक आगरा के एक होटल में नौकरी करता था। छोटा बेटा अभिषेक नोएडा में रहता है। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया था। करीब ढाई साल बाद गांव लौटे परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि पुरानी रंजिश इस तरह हिंसक रूप ले लेगी।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ छपरा सदर-1 डीएसपी सुमित शेखर ने बताया कि प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या की गई है। पीड़ित परिवार करीब ढाई साल बाद गांव आया था। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।