बालू माफिया का दुस्साहस, सारण में खनन टीम पर हमला; स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ और कई पुलिसकर्मी हुए घायल
छपरा में अवैध बालू माफिया ने खनन विभाग और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जगदम कॉलेज रेलवे ढाला के ...और पढ़ें
-1772997393662_m.webp)
घटना के बाद मामले की जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
छपरा में खनन टीम पर बालू माफिया का हमला।
सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त, कई पुलिसकर्मी हुए घायल।
पुलिस ने सात ट्रैक्टर जब्त किए, सीसीटीवी से तलाश।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण में अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीम पर हमले की घटनाएं नई नहीं हैं। पूर्व में भी खनन विभाग और पुलिस पर बालू माफिया द्वारा हमला किया जा चुका है।
रविवार की सुबह छपरा शहर के जगदम कॉलेज रेलवे ढाला के पास फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जब अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने गई खनन विभाग की टीम और पुलिस पर माफिया ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने सरकारी स्कॉर्पियो वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कई पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सात बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़कर नगर थाने में जब्त कर लिया है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
घात लगाकर बैठे थे 15–20 हमलावर
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे खनन विभाग को सूचना मिली कि ढाला की ओर से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ स्कॉर्पियो से उसका पीछा करते हुए जगदम कालेज रेलवे ढाला के पास पहुंचे। जैसे ही टीम ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, पहले से घात लगाए करीब 15 से 20 की संख्या में मौजूद लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमलावरों ने स्कॉर्पियो को चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ प्रहार कर वाहन के शीशे और बॉडी को तोड़ दिया। अचानक हुए हमले से टीम के सदस्यों को कुछ देर तक संभलने का मौका नहीं मिला और उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए गाड़ी के अंदर ही बैठना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से सुराग तलाश रही पुलिस
हमले के बाद सभी हमलावर ट्रैक्टर लेकर बीन टोलिया गांव की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने के एसआई मृत्युंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक व्यक्ति का मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसका कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाल कर जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान हो सकेगी।
घटनास्थल को लेकर दो थानों में बनी रही उलझन
घटना के बाद एक और स्थिति सामने आई। जगदम कालेज ढाला का इलाका नगर थाना और मुफस्सिल थाना की सीमा के आसपास पड़ता है। इसी कारण कुछ समय तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मामला किस थाना क्षेत्र में दर्ज होगा। काफी देर तक चली चर्चा के बाद आखिरकार मुफस्सिल थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सारण में पुलिस पर हमले की घटनाएं
- 28 फरवरी 2026: जनता बाजार थाना क्षेत्र के शोभीपुर गांव में शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- 27 फरवरी 26: एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ बाजार में एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- 14 जनवरी 26: पानापुर थाना क्षेत्र के मुड़वा गांव में शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ। बाद में पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपितों को पकड़ा।
- 15 मार्च 2025: दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में एक व्यक्ति को हिरासत से छुड़ाने के प्रयास में 60-70 लोगों की भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई।
- 06 अप्रैल 25: खैरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में गश्ती दल पर हमला कर दिया गया। इस दौरान महिला चौकीदार से धक्का-मुक्की की गई और एएसआई नागेंद्र प्रसाद पर भी हमला हुआ।
- 09 अप्रैल 25: अमनौर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। एएसआई संजय कुमार को अपनी सुरक्षा के लिए हवा में फायरिंग करनी पड़ी।
- 10 मई 25: मांझी थाना क्षेत्र के चौबाह स्थान गांव में शराब के ठिकानों पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
- 22 जून 25: एकमा के शीतलपुर बाजार में शराब तस्करों का पीछा करते हुए पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ। एएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
- 09 जुलाई25: मशरक के बंगरा गांव में छेड़खानी मामले की जांच करने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
- 23 फरवरी 2023: सोनपुर में बालू माफियाओं ने खनन निरीक्षक और एसएपी जवान को जिंदा जलाने की कोशिश की थी। आरोपित को गिरफ्तार किया गया था।
- 06 सितंबर 2021: अवतारनगर के आमी गांव में बालू तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर कई पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
