रक्सौल से मेरठ जा रहा 42 लाख का रिफाइंड तेल सारण में गायब, GPS से खुला राज; ड्राइवर फरार और 2 गिरफ्तार
रक्सौल से मेरठ जा रहा 42 लाख रुपये का रिफाइंड तेल सारण में गायब हो गया, जिसका खुलासा जीपीएस लोकेशन से हुआ।

सारण के जलालपुर में मिले चोरी के रिफाइंड के बाद दुकान पर पहुंची टीम। (जागरण)
HighLights
रक्सौल से मेरठ जा रहा 42 लाख का रिफाइंड तेल सारण में गायब।
जीपीएस से खुलासा, कोपा में लावारिस ट्रक मिला, चालक फरार।
पुलिस ने चोरी का तेल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, जलालपुर (सारण)। रक्सौल से मेरठ जा रहे 42 लाख रुपये के रिफाइन तेल की हेराफेरी का मामला सारण में सामने आया है।
तेल लदा ट्रक निर्धारित मंजिल पर पहुंचने के बजाय कोपा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर लावारिस खड़ा मिला। चालक रास्ते में ही पूरा माल बेचकर फरार हो गया था। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस ने जांच की तो चोरी का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को रक्सौल से ट्रक पर करीब 42 लाख रुपये का रिफाइन तेल लादकर मेरठ भेजा गया था।
निर्धारित समय पर ट्रक नहीं पहुंचने पर ट्रांसपोर्टर गोविंद कुमार ने जीपीएस से उसकी लोकेशन खंगाली। ट्रक को कोपा थाना क्षेत्र में खड़ा देख उन्होंने थानाध्यक्ष संजीत कुमार को सूचना दी।
इसके बाद कोपा और जलालपुर पुलिस ने संयुक्त छापामारी की। जलालपुर की एक दुकान से चोरी का तेल बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापामारी कर रही है।
ट्रक से बचने में डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव के पास ओवरब्रिज के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के उमड़ी गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक पटना से छपरा होते हुए सीवान लौट रहा था।
इसी दौरान मेथवलिया के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए उसने अचानक बाइक किनारे की ओर मोड़ दी। तेज रफ्तार के कारण बाइक पर नियंत्रण नहीं रहा। बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक कई बार पलट गई।