'कानून हाथ में लिया तो खैर नहीं', छात्रों के प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट पर सारण पुलिस, सोशल मीडिया पर पैनी नजर
सारण पुलिस ने पेपर लीक और शिक्षा भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र संगठनों के प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर छपरा शहर में ...और पढ़ें

छात्रों के प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट पर सारण पुलिस, सोशल मीडिया पर पैनी नजर
HighLights
सारण पुलिस ने छात्र आंदोलन के मद्देनजर शहर में फ्लैग मार्च निकाला।
एसएसपी विनीत कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर निर्देश दिए।
दंगा नियंत्रण के सभी संसाधन तैयार, सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर।
पजागरण संवाददाता, छपरा। जिले में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए सारण पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है।
किसी भी अप्रिय स्थिति, हिंसा अथवा कानून-व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर गुरुवार को नगर थाना चौक से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी:
फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान और दंगा नियंत्रण बल शामिल रहे।
प्रशासन ने प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
दंगा नियंत्रण के सभी संसाधन तैयार
मीडिया से बातचीत में एसएसपी विनीत कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए दंगा नियंत्रण वाहन, वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैयार रखा गया है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यदि कोई कानून हाथ में लेने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने छात्रों से संयम बरतने की अपील:
एसएसपी ने छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार के बहकावे या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखें तथा जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इंटरनेट मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी:
एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ पोस्ट, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी उपद्रव, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में CPI-ML के विरोध मार्च से पहले पुलिस अलर्ट, SDPO के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
यह भी पढ़ें- बिहार के कटिहार में बवाल, DM ऑफिस के बाहर छात्रों पर लाठीचार्ज; पत्थरबाजी में सदर CO घायल
