सारण में 5 ऑर्केस्ट्रा पर पुलिस का छापा: पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड की 10 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू
सारण में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों के शोषण की शिकायत पर पुलिस ने पांच ऑर्केस्ट्रा पर छापेमारी की।
-1790436188384_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
सारण में पांच ऑर्केस्ट्रा पर पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी में 10 नाबालिग लड़कियों को बचाया गया।
लड़कियों से अश्लील डांस और शोषण का आरोप।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से कथित तौर पर अश्लील गानों पर डांस कराने और उनका शोषण करने का मामला सामने आया है।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर शनिवार को पुलिस की विशेष टीम ने जिले के पांच थाना क्षेत्रों में संचालित ऑर्केस्ट्रा में छापेमारी की।
इस दौरान 10 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जबकि आठ संचालकों को गिरफ्तार किया गया। खैरा थाना क्षेत्र में संगीता ऑर्केस्ट्रा का संचालक फरार मिला।
बरामद लड़कियों को महिला पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है। छापेमारी की कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर विशेष टीम ने की।
दिल्ली से आई टीम भी रही शामिल
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की शिकायत पर नाबालिग लड़कियों की बरामदगी के लिए विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था।
डीएसपी स्पेशल क्राइम दयाशंकर के नेतृत्व में एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी महिला थाना की एस आई खुशबू कुमारी समेत पुलिसकर्मियों की टीम ने रेस्क्यू फाउंडेशन और जस्ट राइट पार्टनर नारायणी सेवा संस्थान जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह के साथ कार्रवाई की।
धूम ऑर्केस्ट्रा से दो लड़कियां बरामद
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुसहरी पंप के पास स्थित धूम ऑर्केस्ट्रा से रांची की दो नाबालिग लड़कियां बरामद की गईं। यहां से संचालक विकास महतो (29), निवासी विशुनपुरा माहवारी, थाना महाराजगंज, जिला सिवान और सुमन देवी (35), निवासी परशुरामपुर, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार किया गया।
खैरा थाना क्षेत्र के कृष्णा चौक स्थित संगीता ऑर्केस्ट्रा से असम के बारपेटा की दो नाबालिग लड़कियां मिलीं। इस ऑर्केस्ट्रा का संचालक तालिब पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
न्यू सुपर और नमिता ऑर्केस्ट्रा में भी कार्रवाई
अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर मठिया स्थित न्यू सुपर ऑर्केस्ट्रा से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की एक नाबालिग लड़की बरामद की गई।
यहां से संचालक मितेंद्र कुमार सिंह (32), निवासी किशुनपुर, भेल्दी, सारण; विजय कुमार महतो (40) और डब्लू कुमार (19), दोनों निवासी अमनौर अगुआन, सारण को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, परसा थाना क्षेत्र के परसा मथुरा स्थित नमिता ऑर्केस्ट्रा से चार नाबालिग लड़कियां बरामद की गईं। इनमें दो कोलकाता के हावड़ा और दो पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान व हुगली की रहने वाली हैं।
यहां से संचालक उमेश कुंवर (55), निवासी परसा मथुरा, सारण और शम्पा राय उर्फ प्रियंका राय (28), निवासी कूचबिहार, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया।
मशरक में पूनम ऑर्केस्ट्रा से एक लड़की मिली
मशरक थाना क्षेत्र के सिसई गांव स्थित पूनम ऑर्केस्ट्रा से सिवान की एक नाबालिग लड़की बरामद की गई। पुलिस ने संचालिका पूनम देवी (35), निवासी दुमदर्शन, थाना मशरक, सारण को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बरामद लड़कियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें पैसे का लालच देकर बुलाया जाता था और रात में अश्लील गानों पर डांस कराया जाता था।
डांस के बहाने उनके साथ गलत तरीके से छूने, मारपीट करने और पूरा पैसा नहीं देने की शिकायत भी की गई है। छापेमारी के दौरान किसी भी ऑर्केस्ट्रा के संचालक ने वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
