विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: मंदिर परिसर में थूका और फेंके ईंट-पत्थर, नाबालिगों की हरकत CCTV में कैद

Published: Mon, 14 Sep 2026 11:30 AM (IST)

शहर के एक पुराने शिव मंदिर में तीन नाबालिगों द्वारा कथित आपत्तिजनक हरकत सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की है।

घटना की जांच कर रही पुलिस। (फाइल फोटो)

घटना की जांच कर रही पुलिस। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शिव मंदिर में नाबालिगों की आपत्तिजनक हरकतें सीसीटीवी में कैद हुईं।

  2. पुलिस ने फुटेज के आधार पर तीन नाबालिगों से पूछताछ की है।

  3. स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा और अतिक्रमण पर चिंता जताई।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। शहर के एक पुराने शिव मंदिर में शनिवार को तीन नाबालिग लड़कों द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत किए जाने का मामला सामने आया है।

पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद होने की बात कही जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की है।

नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। स्थानीय युवक सूरज के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह मंदिर पहुंचे तो गेट के बाहर बड़ी संख्या में ईंट-पत्थर पड़े मिले।

शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और मंदिर परिसर की सफाई कर दी। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर तीन लड़कों की गतिविधियां सामने आईं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लड़कों ने मंदिर पर ईंट-पत्थर फेंके, परिसर में थूका और ग्रिल के अंदर से कथित तौर पर टॉयलेट किया। सीसीटीवी में गाली-गलौज की आवाज रिकॉर्ड होने की बात भी कही जा रही है।

सीसीटीवी से हुई पहचान

बताया गया कि तीनों लड़के करीब 2:45 बजे मंदिर के पास पहुंचे थे। घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने प्रशासन को सूचना देकर माहौल शांत रखने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों की पहचान कर उनके घर पहुंचकर पूछताछ की।

स्थानीय लोगों ने मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते पर अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि मंदिर के दो रास्ते बंद हो चुके हैं, जबकि बचे रास्ते की नालियां भी खराब हैं। मंदिर की बाउंड्री वॉल नहीं होने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।

इसी वर्ष महाशिवरात्रि पर विधायक डॉ. सुनील कुमार ने विधायक मद से करीब 14.90 लाख रुपये की लागत से बने चबूतरे का उद्घाटन किया था।

इधर, पुलिस की देर रात जारी प्रेस रिलीज में शेरपुर थवई मोहल्ले के शिव मंदिर के बाहर हनुमानजी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने के प्रयास की सूचना का उल्लेख है। स्थानीय लोगों के बताए घटनाक्रम और पुलिस के आधिकारिक बयान में अंतर है।

ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने तीन नाबालिगों से पूछताछ की है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, ईंट-पत्थर चले; कई पुलिसकर्मी चोटिल