विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में शराब लदी स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचला, मौत के बाद खुला तस्करी का राज

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:28 AM (IST)

सारण के रसूलपुर में शराब लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में एक व्‍यक्‍त‍ि की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

सड़क हादसे में एक व्‍यक्‍त‍ि की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

संवाद सूत्र, रसूलपुर (सारण)। जिले के रसुलपुर थाना क्षेत्र के चांचौड़ा बाजार में शनिवार की अहले सुबह शराब लदी तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को रौंद दिया।

हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्काॅर्पियो मृतक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। 

स्‍कॉर्पियो में लदी थी शराब 

शव वाहन में फंस जाने के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही रसूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्काॅर्पियो जब्त कर ली और थाने ले गई। इसके बाद शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्र‍िया शुरू कर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया। 

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक ट्रक चालक बताया जा रहा है। वह ट्रक से हार्डवेयर का सामान लेकर चांचौड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विजय उपाध्याय की दुकान पर पहुंचा था।

सड़क पार करते समय आया तेज रफ्तार वाहन की चपेट में 

इसी दौरान वह किसी काम से सड़क पार कर रहा था। तभी एकमा की ओर से महाराजगंज की ओर जा रही यूपी नंबर UP16AM4548 की तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने जब स्काॅर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस वाहन के चालक और शराब की खेप के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।