सारण में खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 10 घायल; ट्रैक्टर और जेसीबी फूंकी
सारण के तरैया थाना क्षेत्र के लौवा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इसमें 10 लोग घायल हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर और जेसीबी को आग के हवाले कर दिया गया।
HighLights
तरैया के लौवा गांव में भूमि विवाद पर हिंसक झड़प हुई।
विवाद में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हुए।
उपद्रवियों ने ट्रैक्टर और जेसीबी को आग लगा दी।
संवाद सूत्र, तरैया (सारण)। सारण के तरैया थाना क्षेत्र के लौवा गांव में सोमवार की सुबह खेत की जुताई को लेकर विवाद ऐसा भड़का कि गांव रणक्षेत्र बन गया।
भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले और देखते ही देखते हिंसक झड़प में 10 लोग घायल हो गए।
इस दौरान उपद्रवियों ने ट्रैक्टर और जेसीबी को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।बताया जाता है कि खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर के इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई।
विवाद बढ़ा तो दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। हिंसक झड़प में शैलेंद्र सिंह और मदन सिंह समेत दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। मारपीट के बीच ट्रैक्टर और जेसीबी में आग लगा दी गई।
आग की लपटों से मची अफरातफरी
वाहनों में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक दोनों वाहन आग की चपेट में आ चुके थे। घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया। मारपीट में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल तरैया लाया गया।

(अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर तरैया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। भूमि विवाद में हुई इस हिंसक घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद के कारणों और वाहनों में आग लगाए जाने की जांच कर रही है।