विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंस्टाग्राम पर डांस का सपना, आर्केस्ट्रा तक पहुंची बिहारी युवती; बरामद होने के बाद खोले चौंकाने वाले राज

Published: Sat, 04 Jul 2026 05:54 PM (IST)

सारण में डांस सिखाने का झांसा देकर एक युवती को आर्केस्ट्रा से जोड़ा गया, जिसे पुलिस ने सिवान से बरामद ...और पढ़ें

मां की शिकायत पर शुरू हुई पुलिस जांच(AI फोटो)

मां की शिकायत पर शुरू हुई पुलिस जांच(AI फोटो)

HighLights

  1. युवती को डांस सिखाने के बहाने आर्केस्ट्रा में फंसाया गया।

  2. इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर आधार कार्ड पर नाम बदला गया।

  3. पुलिस ने सिवान से युवती को बरामद कर जांच का दायरा बढ़ाया।

संवादसूत्र, बनियापुर (सारण)। सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में डांस सिखाने और बेहतर मंच दिलाने का झांसा देकर युवती को आर्केस्ट्रा से जोड़ने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने सिवान से सकुशल बरामद किया।

बरामदगी के बाद पूछताछ में युवती ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।

मां की शिकायत पर शुरू हुई पुलिस जांच

युवती की मां लक्ष्मीना देवी ने बनियापुर थाने में आवेदन देकर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि फोन के जरिए संपर्क कर युवती को घर से बुलाया गया।

आरोप है कि उसे आर्केस्ट्रा में कार्यक्रम कराने के लिए रखा गया। पुलिस ने फिरोज हाशमी समेत अन्य लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया। इसके बाद तकनीकी जांच और छापेमारी शुरू की गई।

इंस्टाग्राम से हुई पहचान, बदला गया नाम

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि एक आर्केस्ट्रा संचालक ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे संपर्क किया था। उसे डांस सिखाने और अच्छे अवसर दिलाने का भरोसा दिया गया।

युवती का आरोप है कि बाद में उसके आधार कार्ड में नाम बदलकर 'अंजली कुमारी' कर दिया गया। उसने यह भी दावा किया कि उसे अलग-अलग आर्केस्ट्रा संचालकों के पास भेजा गया। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।

पांच आर्केस्ट्रा संचालकों के पास भेजने का दावा

युवती के अनुसार पुलिस तक मामला पहुंचने से पहले उसे करीब पांच अलग-अलग आर्केस्ट्रा संचालकों के पास भेजा गया।उसके बयान को केस डायरी में दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य राज्यों की पुलिस से भी सहयोग लिया जाएगा।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।