सारण में गाद हटेगी और पुल सुधरेंगे, नहरों पर खर्च होंगे 4.67 करोड़
सारण जिले में सिंचाई व्यवस्था सुधारने के लिए जल संसाधन विभाग ने नहरों की सफाई, तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और पुल-पुलियों के निर्माण-मरम्मत की योजना बनाई है।

सारण में गाद हटेगी और पुल सुधरेंगे, नहरों पर खर्च होंगे 4.67 करोड़ (AI Generated Image)
HighLights
सारण में सिंचाई सुधार को 4.67 करोड़ रुपये की योजना।
नहरों की सफाई, तटबंधों की मजबूती, पुलों की मरम्मत होगी।
किसानों को पर्याप्त पानी सुनिश्चित करने का लक्ष्य 2027 तक।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल संसाधन विभाग ने नहरों की सफाई, तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और पुल-पुलियों के निर्माण व मरम्मत की योजना बनाई है। इसके लिए 4.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
एकमा, दाउदपुर, ताजपुर, बनियापुर और मांझी क्षेत्र की नहरों में विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। सारण नहर प्रमंडल, एकमा की ओर से इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है। सभी कार्य 20 फरवरी 2027 तक पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना के तहत नहरों में जमी गाद और उगी झाड़ियों को हटाया जाएगा। इससे पानी का प्रवाह सुचारू होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षतिग्रस्त तटबंधों और जल निकासी संरचनाओं की मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
33 किलोमीटर नहरों की होगी सफाई, तटबंध होंगे मजबूत
महाराजगंज उपशाखा नहर के 23.65 से 33.69 किलोमीटर तक गाद और जंगल की सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही तटबंधों को मजबूत किया जाएगा।
छपरा शाखा नहर के 38.65 से 61.03 किलोमीटर तक भी गाद हटाने का कार्य होगा। इन कार्यों से नहरों की जल वहन क्षमता बढ़ाने और खेतों तक पानी पहुंचाने में सहूलियत होगी।
केशरी उपवितरणी नहर में 12 नए आउटलेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा चार एसएलआर पुलों की मरम्मत और दो एचपी कलवर्ट का निर्माण कराया जाएगा।
रामनगर उपवितरणी में आठ पुलों की मरम्मत के साथ पांच नए आउटलेट बनाए जाएंगे। 6.4 और 6.7 किलोमीटर पर स्थित सीडी संरचनाओं की भी मरम्मत होगी।
बनियापुर और मांझी में भी होंगे निर्माण कार्य
रामपुर वितरणी के 22.56 किलोमीटर पर आरसीसी पुल की मरम्मत और 24.69 किलोमीटर पर आरसीसी ह्यूम पाइप कलवर्ट का निर्माण होगा।
24.76 और 28.72 किलोमीटर पर स्थित दो सीडी संरचनाओं की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। मांझी क्षेत्र में पांच एसएलआर पुलों के पैरापेट की मरम्मत और पांच नए आउटलेट बनाए जाएंगे।
24 नवंबर को खुलेगी तकनीकी निविदा
निविदा के अनुसार, आनलाइन दस्तावेज 18 नवंबर की सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक अपलोड किए जा सकेंगे। 21 नवंबर को सिवान स्थित मुख्य अभियंता, सिंचाई सृजन के कार्यालय में प्री-बिड बैठक होगी।
तकनीकी निविदा 24 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे खोली जाएगी। वित्तीय निविदा खोलने की तिथि बाद में घोषित होगी। पूरी प्रक्रिया ई-निविदा पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।