विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन होंगे आसान, संघमित्रा एक्सप्रेस सहित 20 ट्रेनों का विंध्याचल में ठहराव

Published: Mon, 12 Oct 2026 03:51 PM (IST)

रेलवे ने नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विंध्याचल स्टेशन पर 11 से 26 अक्टूबर तक 10 जोड़ी ...और पढ़ें

हावड़ा से चलने वाली ट्रेनें भी विंध्याचल में रुकेंगी

हावड़ा से चलने वाली ट्रेनें भी विंध्याचल में रुकेंगी

HighLights

  1. विंध्याचल स्टेशन पर 20 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव मिलेगा।

  2. यह व्यवस्था 11 से 26 अक्टूबर तक लागू रहेगी।

  3. श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी दर्शन में सुविधा मिलेगी।

संवादसूत्र, नयागांव(सारण)। नवरात्र मेले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विंध्याचल स्टेशन पर 10 जोड़ी यानी 20 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 11 से 26 अक्टूबर तक लागू रहेगी।

इस दौरान सभी निर्धारित ट्रेनें विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट रुकेंगी, जिससे बिहार समेत दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी।

पाटलिपुत्र से सीमांचल तक कई ट्रेनों को राहत

रेलवे की इस व्यवस्था में बिहार से जुड़ी कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इनमें लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस के अलावा लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस तथा भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों की वापसी दिशा में चलने वाली सेवाओं को भी विंध्याचल स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

हावड़ा से चलने वाली ट्रेनें भी विंध्याचल में रुकेंगी

नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल को भी इस सूची में शामिल किया गया है।

इन ट्रेनों के ठहराव से अलग-अलग राज्यों से आने वाले यात्रियों को मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

रात से सुबह तक अलग-अलग समय पर होगा ठहराव

निर्धारित समय के अनुसार, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस रात 10:30 बजे, संघमित्रा एक्सप्रेस रात 12:35 बजे और सीमांचल एक्सप्रेस सुबह 10:40 बजे विंध्याचल स्टेशन पहुंचेगी।

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस शाम 6:15 बजे रुकेगी। वहीं, हावड़ा-जोधपुर और हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस सुबह 11:03 बजे स्टेशन पहुंचेंगी।

26 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

रेलवे की ओर से दिया गया यह ठहराव नवरात्र मेले की अवधि में अस्थायी रूप से लागू रहेगा। 11 से 26 अक्टूबर तक विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट रुकने वाली इन ट्रेनों से श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन का निर्धारित समय और ठहराव रेलवे की आधिकारिक सूचना से जांच लेने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें- पटना-गोमती नगर वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ जाने वालों के लिए जरूरी खबर, बक्सर का स्टॉपेज और टाइमिंग जान लें