विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में 3 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का गड्ढे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

By Amritesh KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Tue, 06 Oct 2026 12:13 PM (IST)

सारण के मांझी में तीन दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोरी मधु कुमारी का शव सड़क किनारे पानी से भरे ...और पढ़ें

15 वर्षीय किशोरी का गड्ढे में मिला शव

15 वर्षीय किशोरी का गड्ढे में मिला शव

HighLights

  1. सारण में 15 वर्षीय किशोरी का शव गड्ढे में मिला।

  2. मधु कुमारी तीन अक्टूबर से लापता थी, परिवार खोज रहा था।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी है।

संवाद सूत्र, मांझी (सारण)। सारण के मांझी-एकमा मुख्य पथ पर हलखोरी साह उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह सड़क किनारे पानी भरे गहरे गड्ढे में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। 

मृतका की पहचान नरपलिया चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की 15 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई। वह तीन अक्टूबर से घर से लापता थी।

तीन दिन से तलाश में जुटा था परिवार

स्वजन के अनुसार मधु तीन अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद स्वजन ने मांझी थाने में आवेदन देकर उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई थी। 

परिवार के लोग लगातार उसकी खोज में जुटे थे। मंगलवार की सुबह सड़क किनारे गड्ढे में शव उपलाता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्वजन को दी।

पहचान होते ही मची चीख-पुकार

सूचना मिलते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही उन्होंने उसकी पहचान मधु के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन दिनों से बेटी की तलाश में भटक रहे परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली तो पूरे गांव में मातम पसर गया।

पैर फिसलने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

मृतका की मां के अनुसार आशंका है कि मधु शौच के लिए बाहर गई होगी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी भरे गड्ढे में गिर गई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतका के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- छपरा सदर अस्पताल का कारनामा: चोट पर पट्टी की जगह बांध दिया कार्टन, गंभीर हालत में मरीज पटना रेफर