नयागांव में दहेज के लिए विवाहिता को जलाकर मार डाला
दहेज में नकदी नहीं देने पर नयागांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी।
छपरा नयागांव। दहेज में नकदी नहीं देने पर नयागांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में ससुराल वालों ने विवाहिता सुजाता कुमारी को जला कर मार डाला। विवाहिता के पिता ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें विवाहिता के सभी ससुराल वालों को नामजद किया गया है। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दरियापुर थाना क्षेत्र के कोचवारा गांव निवासी दारोगा राय ने बताया कि सुजाता के ससुराल से ही किसी ने फोन पर शनिवार की शाम घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विवाहिता सुजाता के पिता दारोगा राय अपने स्वजनों के साथ रविवार को गोपालपुर गांव पहुंचे और नयागांव थाने में मामला दर्ज कराया। थानाध्यक्ष अरविद कुमार ने बताया कि घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुजाता कुमारी की शादी चार साल पहलेअम्बिका भवानी मंदिर आमी में गोपालपुर गांव निवासी जगदीश राय के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग कर पति और ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। इसी बीच ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सुजाता की हत्या कर शव गायब कर दिया। विवाहिता के पिता दारोगा राय की शिकायत पर नयागांव थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें विवाहिता के पति धर्मेंद्र कुमार, ससुर जगदीश राय तथा सास राजकुमारी देवी को नामजद किया है।
विवाहिता के पिता दारोगा राय ने बताया कि पुत्री सुजाता कुमारी की हत्या कर दी और शव गायब कर दिया। घटना के बाद से सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।