त्योहार में घर जाना है... रेलवे ने चला दी स्पेशल ट्रेन, छपरा होकर झांसी-आसनसोल के बीच दौड़ेगी
रेल प्रशासन ने आगामी त्योहारों के लिए यात्रियों की सुविधा हेतु वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन और आसनसोल के बीच एक ...और पढ़ें

बुधवार और रविवार को झांसी से खुलेगी ट्रेन
HighLights
झांसी-आसनसोल द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का परिचालन शुरू।
यह विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी।
छपरा समेत कई स्टेशनों को मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा।
जागरण संवाददाता, छपरा(सारण)। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन और आसनसोल के बीच द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का परिचालन छपरा होकर किया जाएगा।
04185/04186 नंबर की यह विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं को मिलाकर ट्रेन कुल 16 फेरे लगाएगी। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
बुधवार और रविवार को झांसी से खुलेगी ट्रेन
04185 झांसी-आसनसोल विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार और रविवार को झांसी से सुबह 9:20 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया और सुरेमनपुर होते हुए अगले दिन सुबह 4:50 बजे छपरा पहुंचेगी।
छपरा से आगे ट्रेन हाजीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन के रास्ते आसनसोल जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन दोपहर 2:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
वापसी में सोमवार-गुरुवार को चलेगी
वापसी में 04186 आसनसोल-झांसी विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को शाम 5:10 बजे आसनसोल से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
छपरा के बाद ट्रेन वाराणसी और प्रयागराज होते हुए फतेहपुर, गोविंदपुरी, पुखरायां और उरई के रास्ते झांसी पहुंचेगी। ट्रेन के झांसी पहुंचने का निर्धारित समय शाम 7:10 बजे है।
21 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
त्योहार विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के दो कोच, शयनयान श्रेणी के नौ और सामान्य श्रेणी के आठ कोच शामिल हैं।
इस विशेष ट्रेन के परिचालन से छपरा समेत रूट में पड़ने वाले कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से पटना के बीच चलेगी Vande Bharat, गोपालगंज-मशरख होकर नए रूट की मांग
