छपरा: हैदराबाद से घर लौट रहा मजदूर नशाखुरानी का शिकार, स्कॉर्पियो सवार लुटेरों ने लूटकर झाड़ी में फेंका
हैदराबाद से दीपावली पर घर लौट रहे छपरा के एक कामगार सत्येंद्र कुमार भारती को जहरखुरानी गिरोह ने अपना शिकार ...और पढ़ें

छपरा सदर अस्पताल में भर्ती नशाखुरानी के शिकार
HighLights
हैदराबाद से लौटे कामगार सत्येंद्र जहरखुरानी का शिकार।
स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फकुली गांव के पास फेंका।
जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा जंक्शन से घर जाने के दौरान एक कामगार जहरखुरानी गिरोह के चंगुल में फंस गया। हैदराबाद से लौटे सत्येंद्र कुमार भारती को स्किर्पियो में बैठाकर नशीला पदार्थ खिलाया गया। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल, बैग और अन्य सामान लूटकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फकुली गांव के समीप झाड़ी में फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
स्टेशन पर स्वजन का कर रहे थे इंतजार
स्वजन ने सदर अस्पताल में बताया कि सत्येंद्र शुक्रवार की सुबह हैदराबाद से छपरा जंक्शन पहुंचे थे। स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने फोन कर स्वजन को घर ले जाने के लिए बुलाया। स्वजन को पहुंचने में थोड़ी देर हो गई। इसी बीच वह सड़क की ओर निकल गए।
बताया जाता है कि तभी स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उन्हें अपने वाहन में बैठा लिया। रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और सामान लूट लिया।
छह माह पहले कमाने गए थे हैदराबाद
स्वजन के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के सकड्डी भारती टोला निवासी सुरेश भारती सत्येंद्र कुमार भारती करीब छह माह पहले एक निजी कंपनी में काम करने के लिए हैदराबाद गए थे। दीपावली पर घर लौटते समय वह जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए।
फाकुली गांव के समीप झाड़ी में बेहोशी की हालत में पड़े सत्येंद्र पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी। उनकी सूचना पर परिजन पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए।
त्योहार पर लौटने वाले कामगारों को खतरा
त्योहार के दौरान दूसरे राज्यों से छपरा लौटने वाले कामगारों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में स्टेशन और आसपास यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह से सतर्क रहने की जरूरत है। अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं लेने और बिना पहचान व जांच-पड़ताल के निजी वाहनों में बैठने से बचना चाहिए।
