विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली सप्लाई ठप, सड़कों पर गिरे पेड़; सारण में 3 दिनों की बारिश और आंधी ने मचाई तबाही

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:22 PM (IST)

सारण में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। ...और पढ़ें

सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़। फोटो जागरण

सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. तीन दिनों से लगातार बारिश और तेज हवाओं ने सारण को प्रभावित किया।

  2. अधिकांश प्रखंडों में बिजली आपूर्ति ठप, सड़कें भी बाधित हुईं।

  3. पेड़ गिरने से कई जगह नुकसान, पेयजल और मोबाइल नेटवर्क प्रभावित।

जागरण संवाददाता, छपरा। तीन दिनों से लगातार हो रही बरसात और तेज हवा ने सारण में जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। शहर से गांव तक पेड़ और डालियां गिरने से कई सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ है, जबकि अधिकांश प्रखंडों में बिजली आपूर्ति ठप है।

बिजली नहीं रहने से पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, चार्जिंग, पढ़ाई और रोजमर्रा के काम प्रभावित हैं। बाजार समिति के आगे पेड़ गिरने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम ने बिजली व्यवस्था को काफी प्रभावित किया है।

दिघवारा में खपरैल मकान क्षतिग्रस्त 

लगातार तीन दिनों से हो रही बरसात के कारण कनकपुर इसमेला गांव में रूपनारायण साह का खपरैलनुमा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार वर्षा से कच्चे और पुराने मकानों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

गड़खा-मानपुर सड़क पर बरगद गिरा, बिजली तार भी टूटा

गड़खा-मानपुर मुख्य सड़क पर रामपुर बहोरामठ के समीप शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे विशाल बरगद का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार भी आ गया, जिससे आवागमन के साथ सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया। वन विभाग से संपर्क नहीं हो सका, स्थानीय लोग पेड़ हटाने में जुटे रहे। जिससे आवागमन दोपहर तक बाधित रहा।

चैनपुर पावरग्रिड में खराबी, इसुआपुर में बिजली आपूर्ति ठप

इसुआपुर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित है। विभागीय कनीय अभियंता मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मशरक स्थित चैनपुर पावरग्रिड में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। खराबी दूर करने का काम चल रहा है। विभाग ने जल्द ही विद्युत आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई है।

मौसम की मार से जलालपुर में बिजली गुल, उपभोक्ता परेशान

जलालपुर में खराब मौसम के कारण प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित है। लगातार बिजली नहीं रहने से घरों में पानी की मोटर, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कामकाज प्रभावित हैं। विभागीय कनीय अभियंता चंदन प्रसाद ने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

तीन दिन से बिजली गुल, अमनौर में बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग 

अमनौर में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अमनौर में जनजीवन प्रभावित है। मोटर नहीं चलने से घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है और नल-जल योजनाएं भी प्रभावित हैं।

मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और सरकारी कार्यालयों के डिजिटल कार्य पर असर पड़ा है। जेई अमित कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने और रसूलपुर पावरग्रिड की तकनीकी खराबी से संकट है।

48 घंटे से बिजली गुल, डेरनी में बाजार से गांव तक अंधेरा

संसू,दरियापुर: तेज हवा और लगातार बारिश के बीच डेरनी प्रखंड में करीब 48 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। डेरनी सबग्रिड से जुड़े दर्जनों गांव अंधेरे में हैं। बिजली संकट के साथ बाजार की रौनक भी प्रभावित हुई है। बरसात के कारण सब्जियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।

मशरक में तीन दिन से बिजली ठप, मोबाइल चार्जिंग तक का संकट 

मशरक में लगातार वर्षा और तेज हवा से मशरक में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। महावीर चौक, महाराणा प्रताप चौक, यदु मोड़ और स्टेशन रोड पर जलजमाव से परेशानी बढ़ी है।

बिजली नहीं रहने से इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और मोबाइल चार्ज करने के लिए लोग परेशान हैं। पेड़ की डालियों से कई जगह तार क्षतिग्रस्त हुए हैं।

तेज हवा में ट्रैक्टर पर गिरा पेड़, मशीन क्षतिग्रस्त

मशरक के बहरौली कुंवर टोला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह तेज हवा और बरसात के बीच विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ा ट्रैक्टर दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मजदूर बारिश के कारण विद्यालय के शेड में खड़े थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हंसापीर गांव में भी पेड़ गिरा।

मांझी में तीन दिन से बिजली गुल, अंधेरे में गांव

दाउदपुर में  तेज हवा और बारिश के बीच मांझी प्रखंड में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। पोल व तार क्षतिग्रस्त होने से गांव रात में अंधेरे में डूब रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: बक्सर में टूटा 3 साल का रिकॉर्ड, अगले 2 दिन और बरसेंगे बदरा 

मोबाइल चार्जिंग और नेटवर्क सेवा भी प्रभावित है। बिजली नहीं रहने से नल-जल योजना के मोटर नहीं चल पा रहे हैं। विभागीय टीम फाल्ट दूर करने में जुटी है।