हाथों में घर की चाबी पाकर चेहरे पर आई मुस्कान
सारण। नगर निगम के मैदान पर शनिवार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभुकों को चाबी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वर्चुअल जुड़े थे।
सारण। नगर निगम के मैदान पर शनिवार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभुकों को चाबी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वर्चुअल जुड़े थे। उनकी मौजूदगी में जिलाधिकारी राजेश मीणा ने सबसे पहले नगर निगम के वार्ड संख्या -33 की लाभुक गीता देवी को घर की चाबी सौंपी। चाबी मिलते ही उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। गीता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अब बरसात के दिनों में रात जागकर नहीं काटना पडेगा। यह कहते-कहते उनकी आखों से आंसू छलक पड़ें। लोगों को एक मकान बनाने में जिदगी गुजर जाती है फिर भी सपना पूरा नहीं होता है। ऐसे में गरीबों के सपनों को सरकार पूरा कर रही है। इस दौरान बारी-बारी से छपरा नगर निगम समेत पांच नगर पंचायत क्रमश: रिविलगंज नगर पंचायत, मढ़ौरा नगर पंचायत, परसा नगर पंचायत, दिघवारा नगर पंचायत एवं सोनपुर नगर पंचायत के 650 लाभुकों को उनके घर की चाबी दी गई। खरमास के पहले सबको घर की चाबी दे दी गई। सीएम ने शहर के विभिन्न योजनाओं का किया उद्घाटन :
छपरा नगर निगम के बस स्टैंड से कोनिया माई मंदिर से अंबेडकर छात्रावास होते हुए छपरा जंक्शन तक जाने वाली सड़क निर्माण का उद्घाटन एवं पीसीसी रोड, आरसीसी नाला निर्माण, टैक्सी स्टैड बड़ा तेलपा चौक भाया वार्ड नम्बर-41 एवं 42 का उद्घाटन भी किया गया। डीएम ने 18 स्वयं सहायता समूह को सहायता राशि का चेक भी उपलब्ध कराया। इस मौके पर छपरा विधायक सीएन गुप्ता, सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद वीरेन्द्र नारायण सिंह, नगर निगम की मेयर सुनीता देवी, नगर आयुक्त संजय उपाध्याय, उप विकास आयुक्त, अमित कुमार, उप नगर आयुक्त हरिश्चंद्र, सिटी मैनेजर सेराज आसिफ, दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के मैनेजर सुधीर कुमार हिमांशु, वार्ड पार्षद समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इनसेट :
किस नगर निगम/ नगर पंचायत में कितने लाभुकों को मिली चाबी :
निकाय - आवास की संख्या
छपरा नगर निगम - 275
रिविलगंज नगर पंचायत - 121
मढ़ौरा नगर पंचायत - 60
परसा नगर पंचायत - 94
दिघवारा नगर पंचायत - 84
सोनुपर नगर पंचायत - 16