गड़खा व मकेर में पंचायत चुनाव कल, तैयारी पूरी
सारण। पंचायत आम निर्वाचन 2016 के छठे चरण में जिले के मकेर व गड़खा प्रखंड में चुनाव होगा।
सारण। पंचायत आम निर्वाचन 2016 के छठे चरण में जिले के मकेर व गड़खा प्रखंड में चुनाव होगा। इसको लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। गुरुवार को प्रखंडों में योगदान देने वाले मतदान कर्मियों को तृतीय प्रशिक्षण देने के साथ ही उन्हें मतदान सामग्री उपलब्ध करायी गई।
छठे चरण में जिले के गड़खा व मकेर प्रखंड के पंचायतों में 14 मई को मतदान होगा। मकेर प्रखंड के 08 तथा गड़खा प्रखंड के 23 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए मतदान कर्मियों को नियुक्त कर दिया गया है। सभी मतदान कर्मियों को प्रखंड मुख्यालय में ही गुरुवार को तृतीय प्रशिक्षण दिया गया और मतदान सामग्री उपलब्ध करायी गई। मकेर में कुल मतदाताओं की संख्या-66400 है, जिसमें 36237 पुरुष तथा 30160 महिला मतदाता हैं। गड़खा प्रखंड में कुल मतदाताओं की संख्या-180957 है, जिसमें 98821 पुरुष एवं 82129 महिला मतदाता हैं। मकेर प्रखंड में पंचायत चुनाव के लिए 127 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। जिसमें दस सहायक मतदान केन्द्र तथा तीन चलंत मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। इसी प्रकार गड़खा प्रखंड में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए कुल 360 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। जिसमें 12 सहायक मतदान केन्द्र तथा चार चलंत मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए इन दोनों प्रखंडों को मिलाकर 16 सेक्टर, 8 जोन तथा दो सुपर जोन बनाते हुए वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।