विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंडक के बढ़ते जलस्तर से सारण के पानापुर में तटबंध पर बढ़ा दबाव, दो जगह रिसाव; अलर्ट मोड में विभाग

Published: Wed, 30 Sep 2026 10:08 AM (GMT+05:30)

गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पानापुर प्रखंड में मुख्य तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। सलेमपुर और सारंगपुर में ...और पढ़ें

HighLights

  1. गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से तटबंधों पर दबाव।

  2. सलेमपुर और सारंगपुर में तटबंधों में रिसाव शुरू।

  3. बाढ़ नियंत्रण विभाग और ग्रामीण बचाव कार्य में जुटे।

संवाद सहयोगी, पानापुर (सारण)। गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण पानापुर प्रखंड क्षेत्र में मुख्य तटबंध पर पानी का दबाव बढ़ गया है।

सलेमपुर और सारंगपुर में तटबंध में रिसाव से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी और कर्मी संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

पानापुर के सलेमपुर में रात से ही तटबंध में रिसाव शुरू होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी विभागीय कर्मियों को दी।

स्‍थानीय लोगों के सहयोग से रिसाव रोकने का प्रयास 

इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया गया। बालू से भरे बोरे सहित अन्य संसाधनों के माध्यम से पानी के बहाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश जारी है। वहीं सारंगपुर डाकबंगला के समीप भी तटबंध में रिसाव की सूचना मिली है।

सूचना के बाद विभागीय टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है। कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है और तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अन्‍य जगहों पर भी बढ़ गंडक के पानी का दबाव 

रामपुर रुद्र स्थित रिंग बांध पर भी गंडक के पानी का भारी दबाव बना हुआ है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग रात-दिन तटबंध की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी लगातार संवेदनशील स्थलों का जायजा ले रहे हैं। जहां भी रिसाव की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा रहा है।

ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- बिहार: मकेर में टूटा सारण तटबंध, गांवों की तरफ तेजी से बढ़ा गंडक का पानी