बिहार: मकेर में टूटा सारण तटबंध, गांवों की तरफ तेजी से बढ़ा गंडक का पानी
मकेर प्रखंड के बरियारपुर गांव के पास सारण तटबंध टूट गया है, जिससे गंडक नदी का पानी तेजी से ग्रामीण ...और पढ़ें
HighLights
मकेर में बरियारपुर के पास सारण तटबंध टूटा।
गंडक नदी का पानी तेजी से ग्रामीण इलाकों में फैला।
प्रशासन हाई अलर्ट पर, बचाव कार्य जारी, निगरानी तेज।
संवाद सूत्र, मकेर (सारण)। गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मकेर प्रखंड के बाघाकोल पंचायत स्थित बरियारपुर गांव के सामने जोड़ामंदिर के समीप सारण तटबंध टूट गया है। तटबंध टूटने के बाद गंडक नदी का पानी काफी तेजी से ग्रामीण इलाकों की ओर फैल रहा है। इससे आसपास के गांवों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने की आशंका बढ़ गई है।
देर रात तटबंध में रिसाव की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। लगातार प्रयास के बावजूद तटबंध को टूटने से नहीं बचाया जा सका।
रात से चल रहा था रिसाव, सुबह टूटा तटबंध
बरियारपुर के सामने जोड़ामंदिर के समीप मुख्य तटबंध में मंगलवार की देर रात रिसाव शुरू हुआ था। सूचना मिलते ही एसडीएम के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के सहयोग से रिसाव वाले हिस्से को नियंत्रित करने तथा कमजोर स्थल को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान तटबंध टूट गया और पानी तेजी से बाहर निकलने लगा।
ग्रामीण इलाकों में तेजी से फैल रहा पानी
तटबंध टूटने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। इससे बाघाकोल पंचायत सहित आसपास के इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। लोगों को सतर्क रहने और पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को कहा जा रहा है।
कमजोर स्थलों पर प्रशासन की नजर
हेजलपुर-बाघाकोल तटबंध के अन्य कमजोर स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। जल संसाधन विभाग की टीम आवश्यक सामग्री के साथ मौके पर मौजूद है। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि तटबंध के अन्य हिस्सों में समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। ग्रामीण भी बचाव और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि मकेर प्रखंड के हैजलपुर में दो जगह सारण तटबंध टूट गया है। इसके अलावा दर्जनों जगह तटबंध में रिसाव भी हो रहा है। जिसको लेकर उसे रोकने की पहल की जा रही है। सभी अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। तदबंध के कटाव को रोकने की कोशिश शुरू कर दी गई है।

मकेर प्रखंड के बाघाकोल, पीर मकेर, तारा अमनौर पंचायत मे अफरा तफरी का महौल है। सभी लोग समान लेकर बांध और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने के लिए भाग दौड़ कर रहे है
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में टूटा जमींदारी बांध, गंडक के उफान से कई गांवों में घुसा पानी; अलर्ट पर प्रशासन
