बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूर पिलाएं पोलियो रोधी खुराक
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पोलियो उन्मूलन के लिए प्रयासरत है।
छपरा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पोलियो उन्मूलन के लिए हमेशा प्रयासरत है और हर साल इस लक्ष्य के करीब पहुंचता रहा है। शून्य से पांच साल तक के बच्चों को नियमित रूप से पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है। अक्टूबर में पोलियो अभियान के तहत बच्चों को खुराक पिलाई गई थी। इसी तरह का अभियान नवंबर माह में भी चलाया जाएगा। पोलियो उन्मूलन को लेकर जागरुकता बढ़ाने के लिए हर साल 24 अक्तूबर को विश्व पोलियो दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। पोलियो को कभी एक अत्यंत सामान्य संक्रामक बीमारी के रूप में जाना जाता था, जिसने दुनिया भर के लाखों बच्चों के जीवन को बाधित किया था।
भारत में 2014 के बाद अब तक पोलियो का एक भी केस नहीं मिला है। पोलियो की रोकथाम को बेहद जटिल माना जाता था, ऐसे में यह मील का पत्थर साबित हुआ। यह मजबूत निगरानी प्रणाली की वजह से ही मुमकिन हो सका है। हालांकि एहतियात के तौर पर पोलियो रोधी खुराक दो बूंद जिंदगी की पिलाई जा रही है।