कालाजार की दवा छिड़काव में आशा की सहभागिता जरूरी : डीएम
जिलाधिकारी ने कहा कि कालाजार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता बहुत जरूरी है।
छपरा। जिलाधिकारी ने कहा कि कालाजार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता बहुत जरूरी है। ताकि लोगों के घरों में आसानी से कालाजार बीमारी को समाप्त करने वाली दवा की छिड़काव हा सके। वह सोमवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कालाजार की दवा के छिड़काव से पहले आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में इस छिड़काव से होने वाले लाभ की जानकारी दे ताकि लोग जागरूक होकर अपने घरों में इसका छिड़काव करा सके। उन्होंने कहा कि छिड़काव के समय दवा की गुणवत्ता एवं मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। दवा का छिड़काव ससमय होने के कारण कालाजार के फैलाव की संभावना बढ़ जाती है। छिड़काव के समय यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि घर का कोई हिस्सा नहीं छूटे। डीएम ने संबंधित चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देंगे जहां नए कालाजार के मरीज मिले हैं। मरीज के घरों के आस-पास के क्षेत्रों में दुबारा गहन छिड़काव कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सिविल सर्जन सहित सभी संबंधित चिकित्साधिकारी मौजूद थे।