विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा के यात्रियों को झटका; दिल्ली, मुंबई और चेन्नई की ट्रेनों में नो-रूम, रिग्रेट के चलते टिकट बुकिंग बंद

Published: Fri, 11 Sep 2026 06:56 PM (IST)

दीपावली और छठ महापर्व से पहले महानगरों से छपरा आने वाली ट्रेनों में यात्रियों को टिकट मिलने में भारी परेशानी हो रही है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. दीपावली-छठ से पहले ट्रेनों में टिकट की भारी किल्लत।

  2. महानगरों से छपरा आने वाली ट्रेनों में रिग्रेट स्थिति।

  3. यात्रियों को कंफर्म टिकट और वेटिंग भी नहीं मिल रही।

जागरण संवाददाता, छपरा। दीपावली और छठ महापर्व से पहले महानगरों से घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं।

नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता से छपरा आने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण शुरू होते ही टिकटों की स्थिति रिग्रेट तक पहुंच जा रही है।

कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के साथ वेटिंग टिकट का विकल्प भी उपलब्ध नहीं है। इससे त्योहार में घर आने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है।

शुक्रवार को छपरा जंक्शन के आरक्षित टिकट काउंटर खुलते ही यात्रियों की भीड़ जुट गई। पहले से टिकट कराने पहुंचे लोगों को कई ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं होने पर निराश लौटना पड़ा।

यात्रियों का कहना है कि दीपावली और छठ के लिए लोग करीब दो माह पहले से टिकट की तैयारी कर रहे हैं, इसके बावजूद बुकिंग खुलते ही कई ट्रेनों में रिग्रेट दिखने लगा है।

यात्रियों के अनुसार रेलवे की टिकट बुकिंग व्यवस्था में बदलाव के बाद परेशानी बढ़ी है। पहले कंफर्म सीट उपलब्ध नहीं होने पर वेटिंग टिकट मिल जाता था, जबकि अब कुछ ट्रेनों में सीधे रिग्रेट प्रदर्शित हो रहा है। ऐसे में यात्रियों को त्योहार के दौरान घर पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ सकता है।

इन ट्रेनों में रिग्रेट

नई दिल्ली से आने वाली बिहार संपर्क क्रांति (12566), वैशाली एक्सप्रेस (15566) और स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट (12562) के सभी कोच में रिग्रेट है।

मुंबई से आने वाली एलटीटी-छपरा (11059) और पवन एक्सप्रेस (11061) में भी सभी कोच रिग्रेट हैं। चेन्नई की गंगा कावेरी (12669) और साप्ताहिक राप्तीसागर (12522) में भी यही स्थिति है।

कोलकाता से आने वाली सियालदह-बलिया (13105), काठगोदाम एक्सप्रेस (13019) और पूर्वांचल एक्सप्रेस (15049) में एसी और स्लीपर श्रेणी में वेटिंग चल रही है।

यह भी पढ़ें- टिकट की मारामारी के बीच राहत: पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे, छठ के बाद तक मिलेगा सफर का विकल्प