दिल्ली से यात्री जा रहा था यूपी, पहुंच गया छपरा, जानें नशाखुरानी गिरोह की करतूत
नशाखुरानी गिरोह का आतंक कम नहीं हो रहा है। रेलवे की लाख चौकसी के बाद भी यात्री गिरोह के शिकार हो रहे हैं।
पटना/छपरा [जेएनएन]। नशाखुरानी गिरोह का आतंक कम नहीं हो रहा है। रेलवे की लाख चौकसी के बाद भी यात्री गिरोह के शिकार हो रहे हैं। ऐसे ही एक यात्री दिल्ली से आ रहा था. उसे यूपी के बस्ती जाना था, लेकिन नशाखुरानी गिरोह ने उसे अपने शिकंजे में ले लिया। अचेतावस्था में यात्री बिहार का छपरा स्टेशन आ गया। शुक्रवार को उसे होश आया तो अपने बारे में उन्होंने जानकारी दी।
छपरा अस्पताल में शुक्रवार को होश में आने के बाद यात्री ने बताया कि वह नई दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बस्ती आ रहा था, लेकिन कानपुर में नशीला चाय पिला कर नशा खुरानी गिरोह के सदस्यों ने 23 हजार रुपये तथा एक मोबाइल लूट लिया। नशीला चाय पीने के कारण वह अचेत हो गया और जब होश आया, वह खुद को छपरा जंक्शन पर पाया.
नशाखुरानी गिरोह के शिकार यात्री उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के पांडेय डीहवा गांव निवासी उजागर पांडेय के पुत्र कृष्णा पांडेय बताया जाता है। यात्री ने बताया कि वह ट्रक चालक का कार्य करता था और घर वापस आने के लिए वैशाली सुपर फास्ट ट्रेन में सफर कर रहा था। इसी दौरान नशा खुरानी के शिकार हो गया।
उधर छपरा जंक्शन स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी अचेतावस्था में दो यात्रियों को वैशाली सुपरफास्ट ट्रेन से शुक्रवार को उतारा, जिनका इलाज रेलवे चिकित्सालय के डॉक्टर ने छपरा जंक्शन पर किया। डॉ आनंद कृष्ण तिवारी के अनुसार दोनों यात्री नशा खुरानी के शिकार हैं। दोनों यात्रियों को दिल्ली से छपरा आने के क्रम में गाजियाबाद के पास अपरिचित व्यक्ति द्वारा कुछ नमकीन खिलाया गया, जिससे दोनों अचेत हो गया। इसके बाद दोनों यात्रियों का सामान लूट लिया गया।
नशाखुरानी के शिकार यात्रियों में सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के चंचलिया गांव निवासी रामजी यादव के पुत्र सोनू यादव तथा छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी बाजितपुर गांव निवासी विद्यासागर यादव के पुत्र उमेश यादव शामिल हैं। उमेश यादव से 12000 रुपये नगद तथा एक मोबाइल लूट लिया गया है। जबकि, सोनू यादव का 7000 रंपये लूटे जाने की बात सामने आई है। दोनों यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया।