दुष्कर्म में नाकाम होने पर कोचिंग संचालक ने की छात्रा की पिटाई, हालत गंभीर
दुष्कर्म में नाकाम होने पर कोचिंग संचालक ने एक छात्रा की बुरी तरह पिटाई की। घायल छात्रो को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
छपरा [जेएनएन]। बिहार के छपरा जिले के गुरु-शिष्य परंपरा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कहते हैं जो गुरु बच्चों के उज्जवल भविष्य का निर्माण करता है, यहां उसने हैवानियत का काम किया। जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ के पास स्थित एक कोचिंग संचालक द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है।
दुष्कर्म में विफल संचालक ने छात्रा की जमकर पिटाई कर दी। इससे छात्रा की हालत गंभीर हो गई और उसे छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसे धोखे से रोककर कोचिंग संचालक ने दुष्कर्म का कोशिश की और विफल होने पर पिटाई की।
संचालक ने पहले छात्रा से प्रेम का इजहार किया और उसे शारीरिक संबंध बनाने की पेशकश की। जब छात्रा ने विरोध किया तो उसने दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि किसी तरह छात्रा ने अपनी इज्जत बचा ली और अपने परिजनों के पास पहुंची। इसके बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
छात्रा की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई हैं। इसकी लिखित शिकायत महिला थाने में की गई हैं। महिला थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।