सारण में मां के सामने ही कार की टक्कर से बच्चे की मौत
थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव में अपनी मां व मौसी के साथ स्वास्थ्य उपकेंद्र जा रहे एक बालक की अनियंत्रित कार की टक्कर से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना में उसकी मौसी रीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।
तरैया(सारण)। थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव में अपनी मां व मौसी के साथ स्वास्थ्य उपकेंद्र जा रहे एक बालक की अनियंत्रित कार की टक्कर से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना में उसकी मौसी रीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृत बालक मकेर थाना के जगदीशपुर गांव निवासी राजेश महतो का पांच वर्षीय पुत्र राजा बाबू था। वह दो माह पूर्व अपने मामा के घर नंदनपुर अशोक महतो के यहां आया था। गुरुवार की दोपहर में उसकी गर्भवती मां अपनी स्वास्थ्य जांच कराने के लिए बच्चे व बहन के साथ तरैया-मढ़ौरा स्टेट हाईवे को पार कर नंदनपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र जा रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार धक्का मारकर फरार हो गया।
आंखों के सामने बच्चे की मौत के बाद से बदहवास है मां
राजा बाबू की मां मुन्नी देवी ने घटना को अपनी आंखों के सामने देखा है। इसके बाद से वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। वह अपने मृत बच्चे को पकड़ कर दहाड़ मारकर रो रही थी। दृश्य देख सभी का कलेजा पसीज रहा था। मृत बालक की एक तीन वर्षीय बहन है, जिसे यह पता भी नहीं है कि उसका भाई इस दुनिया में नहीं है। राजा बाबू के नाना जयप्रकाश महतो बिलख बिलख कर रो रहे थे। ढांढस बंधाने आसपास के लोग पहुंचे थे।
इधर, सरेया रत्नाकर के मुखिया संजीव कुमार सिंह ने इस घटना की सूचना तरैया थाने को दी। घटनास्थल पर सांत्वना देने भी पहुंचे थे। इधर, सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने भी घटना की जानकारी ली। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भिजवा दिया।