छपरा में बदला मौसम का मिजाज, घने कुहासे और ओस ने बढ़ाई ठिठुरन
छपरा में मौसम का मिजाज बदल गया है, सुबह घने कुहासे और ओस के साथ गुलाबी ठंड ने दस्तक दे ...और पढ़ें

छपरा की सड़कों में कुहासा। फोटो जागरण
HighLights
छपरा में सुबह कुहासे और ओस के साथ गुलाबी ठंड।
तापमान में गिरावट से जनजीवन प्रभावित, दृश्यता कम हुई।
बच्चों और बुजुर्गों को मौसमी बीमारियों से बचाव की सलाह।
जागरण संवाददाता, छपरा। शहर की सुबह अब धूप से नहीं, बल्कि कुहासे की चादर और ओस की बूंदों से होने लगी है। भगवान बाजार से नगरपालिका चौक तक सोमवार की सुबह मौसम का बदला मिजाज साफ नजर आया।
सड़कों पर छाए कुहासे ने दृश्यता कम कर दी। कई जगह चार फीट आगे देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। इसके साथ ही छपरा में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट से लोगों की दिनचर्या भी बदलने लगी है।
सोमवार, दो नवंबर को छपरा का न्यूनतम तापमान करीब 19 से 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सुबह 6:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार दिन में आर्द्रता घटकर शाम तक करीब 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। हवा पश्चिमोत्तर दिशा से लगभग 15से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। आसमान में आंशिक बादल रहने की संभावना है।
रात में पंखे की रफ्तार हुई धीमी
मौसम में बदलाव का असर अब घरों में भी दिखने लगा है। रात में पंखा, कूलर और एसी चलाने की जरूरत कम महसूस हो रही है। लोग हल्की ऊनी चादर और कंबल ओढ़कर सोने लगे हैं। सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने पर गर्मी का एहसास बना रह सकता है।
कुहासे से थमी वाहनों की रफ्तार
सोमवार की सुबह घने कुहासे के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। मौसम में नमी और तापमान के उतार-चढ़ाव से सुबह की ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी जरूरी:
बदलते मौसम में सर्दी, खांसी और बुखार जैसी मौसमी परेशानियों से बचाव जरूरी है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह और रात में हल्के गर्म कपड़े पहनें। ठंडे वातावरण के सीधे संपर्क से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।