विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा की दीवारों पर दिखेगा स्वच्छता का संदेश, 48 हजार वर्गफीट में होगी वॉल पेंटिंग

Published: Wed, 23 Sep 2026 02:32 PM (IST)

छपरा नगर निगम शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर स्वच्छता और जन-जागरूकता संबंधी चित्रकारी कराएगा। कुल 48,250 वर्गफीट ...और पढ़ें

48 हजार वर्गफीट में होगी वॉल पेंटिंग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

48 हजार वर्गफीट में होगी वॉल पेंटिंग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. छपरा नगर निगम द्वारा दीवारों पर स्वच्छता चित्रकारी की पहल।

  2. कचहरी रेलवे स्टेशन, ओवरब्रिज, स्टेडियम पर 48 हजार वर्गफीट में पेंटिंग।

  3. 2डी और 3डी कला से जन-जागरूकता व सौंदर्यीकरण का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, छपरा। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की दीवारें अब सिर्फ ईंट-सीमेंट का हिस्सा नहीं रहेंगी, बल्कि स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश भी देंगी। छपरा नगर निगम ने शहर की प्रमुख दीवारों को रंगों और चित्रों के माध्यम से आकर्षक बनाने की पहल की है। इसके तहत कचहरी रेलवे स्टेशन, साढ़ा ढाला ओवरब्रिज और राजेंद्र स्टेडियम की चहारदीवारी पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से संबंधित चित्रकारी कराने की योजना है।

तीन प्रमुख स्थलों पर बदलेगी तस्वीर

इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने अल्पकालीन कोटेशन आमंत्रण किय। जिसके अनुसार कचहरी रेलवे स्टेशन परिसर में 5,670 वर्ग फुट, साढ़ा ढाला ओवरब्रिज पर 5,690 वर्ग फुट और राजेंद्र स्टेडियम की चहारदीवारी पर 36,890 वर्ग फुट क्षेत्र में दीवार चित्रकारी कराई जानी है। इस तरह कुल 48,250 वर्गफीट क्षेत्र में काम कराने की योजना है।

टू डी से लेकर थ्री डी चित्रकारी तक

दीवारों पर टू डी (द्वि-आयामी) और थ्री डी (त्रि-आयामी) चित्रकारी के माध्यम से स्वच्छता, साफ-सफाई और जन-जागरूकता से जुड़े संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। 

चित्रों और संदेशों के जरिए नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। चित्रकारी में स्वच्छ शहर, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जा सकती है। 

नगर निगम की यह पहल शहर की दीवारों को जागरूकता का माध्यम बनाने के साथ सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण में भी मददगार होगी। प्रमुख स्थानों पर आकर्षक चित्र और संदेश राहगीरों का ध्यान खींचेंगे और उन्हें स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।

26 सितंबर तक जमा होगा कोटेशन

नगर निगम ने इच्छुक चित्रकारों, फर्मों और एजेंसियों से निर्धारित शर्तों के अधीन कोटेशन आमंत्रित किया है। कोटेशन 24 सितंबर से 26 सितंबर की शाम चार बजे तक कार्यालय छपरा नगर निगम में जमा किया जा सकता है। कोटेशन में द्वि-आयामी और त्रि-आयामी दीवार चित्रकारी के लिए प्रति वर्ग फुट दर उपलब्ध कराने को कहा गया है।

28 सितंबर को खोला जाएगा कोटेशन

प्राप्त कोटेशन 28 सितंबर की शाम 4:30 बजे छपरा नगर निगम कार्यालय में खोले जाएंगे। नगर निगम के अनुसार योजना से संबंधित विशेष जानकारी के लिए इच्छुक लोग कार्य अवधि में नगर निगम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। 

निविदा की विस्तृत जानकारी बिहार सरकार के विभागीय पोर्टल-state.bihar.gov.in/prdbihar पर उपलब्ध कराई गई है। योजना पूरी होने के बाद शहर के इन प्रमुख स्थलों पर दीवारें स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ छपरा की सार्वजनिक जगहों की बदली हुई तस्वीर भी पेश करेंगी।

यह भी पढ़ें- छपरा में 1 अक्टूबर को रोजगार मेला, 10वीं से BTech तक के युवाओं को नौकरी का मौका; ₹27,500 तक वेतन