विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा में 1 अक्टूबर को रोजगार मेला, 10वीं से BTech तक के युवाओं को नौकरी का मौका; ₹27,500 तक वेतन

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:21 PM (IST)

छपरा में 1 अक्टूबर को राजेंद्र स्टेडियम परिसर में रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें 10वीं से बीटेक तक के युवा ...और पढ़ें

छपरा में 1 अक्‍टूबर को लगेगा रोजगार मेला। सांकेत‍िक तस्‍वीर

छपरा में 1 अक्‍टूबर को लगेगा रोजगार मेला। सांकेत‍िक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, छपरा। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, छपरा की ओर से 1 अक्टूबर को राजेंद्र स्टेडियम परिसर में रोजगार मेला लगेगा। 

मेले में विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इसमें 27,500 रुपये तक सैलरी वाली नौकरी पाने का अवसर युवाओं के ल‍िए होगा।

10वीं से बीटेक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ), डिप्लोमा, स्नातक और बीटेक सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।

कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों को पद और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 12,500 से 27,500 रुपये तक मासिक वेतन मिलने का अवसर मिलेगा।

विभाग की ओर से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए निबंधन जरूरी

मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी बिहार सरकार के रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।

इसके अलावा अवर प्रादेशिक नियोजनालय कार्यालय में भी निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिन अभ्यर्थियों ने पहले से निबंधन नहीं कराया है, उनके लिए मेले के दिन आयोजन स्थल पर भी ऑनलाइन निबंधन की व्यवस्था की जाएगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर मेले में पहुंचें।

टोल फ्री नंबर से मिलेगी जानकारी

रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 18002965656 पर संपर्क कर सकते हैं। अवर प्रादेशिक नियोजनालय ने जिले के अधिक से अधिक योग्य युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।